फरीदाबाद/अनिल राठी: हरियाणा के फरीदाबाद के सीही गांव में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब ढाई साल की बच्ची खेलते समय 200 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गई. घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया.
बताया जा रहा है कि बच्ची का नाम नेहा है. वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी. इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल में गिर गई. बच्ची के बोरवेल में गिरने की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. नेहा के पिता रामदीन मजदूरी का काम करते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह बोरवेल नगर निगम का है और करीब 10 साल से बंद पड़ा था. पहले बोरवेल के ऊपर ढक्कन लगा हुआ था, लेकिन कुछ दिन पहले उसका ढक्कन गायब हो गया था. इसके बाद बोरवेल खुला पड़ा रहा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया. बचाव टीम बोरवेल के आसपास खुदाई करने के साथ अन्य जरूरी प्रक्रिया के जरिए बच्ची तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. टीम लगातार बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालना है. मौके पर पुलिस और बचाव दल की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
