Punjab News: फतेहगढ़ साहिब पुलिस स्टेशन के इलाके में फिरोजपुर गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 24 साल की एक नई-नवेली दुल्हन ने दहेज की मांग और ससुराल वालों की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान कोमलप्रीत कौर के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए फतेहगढ़ साहिब के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) रूपिंदर सिंह ने बताया कि मृतका के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर कोमलप्रीत को शारीरिक और मानसिक रूप से लगातार परेशान कर रहे थे। परिवार के अनुसार, जब वह राखी के त्योहार पर अपने मायके आई थी, तो उसने अपना दुख जाहिर करते हुए कहा था कि अगर ससुराल वालों की प्रताड़ना जारी रही तो वह अपनी जान दे देगी।
Punjab News: पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए
इसके बाद, उसने फांसी लगाकर आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। मृतका के परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने उसके पति लखबीर सिंह, ससुर सरबजीत सिंह, सास कुलदीप कौर और देवर जतिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार सास और देवर को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।
