फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में एक जर्जर इमारत में 13-वर्षीय एक लड़की के साथ उसके दोस्त के सामने कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, लड़की और उसका 16-वर्षीय मित्र ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र स्थित उक्त इमारत में गए थे, तभी आरोपियों ने उन्हें धमकाया और लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. इस संबंध में 29 सितंबर को बीपीटीपी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस ने बताया कि लड़की के माता-पिता की शिकायत के अनुसार, घटना 24 अगस्त की है, जब 13-वर्षीय लड़की ट्यूशन के बाद अपने 16-वर्षीय दोस्त से मिलने गई थी. इसी दौरान छह युवक कथित तौर पर दोनों का पीछा करते हुए जर्जर इमारत में पहुंचे और दोनों नाबालिगों को धमकाने के बाद लड़की का यौन उत्पीड़न किया.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों बच्चों ने करीब एक महीने तक घटना की जानकारी अपने माता-पिता से छिपाए रखी. बाद में लड़की में गंभीर मानसिक परेशानी के लक्षण दिखने पर उसकी मां ने उससे बात की, तब उसने घटना के बारे में बताया और परिवार ने पुलिस से संपर्क किया. आरोप है कि बदमाशों ने पीड़िता के पुरुष मित्र के साथ भी कुकर्म किया, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है.
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत के आधार पर 29 सितंबर को दुष्कर्म संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन सामूहिक दुष्कर्म के आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
