नई दिल्ली. मानसून अब भी देश के कई राज्यों में सक्रिय है और जोरदार बरसात देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने 2 अक्टूबर को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना जताई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल समेत कई पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का पूर्वानुमान है.
गुरुवार की तरह ही कई राज्यों में हल्की से जोरदार बारिश की आशंका जताई जा रही है. मौसम विभाग ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को भी कई जिलों में झमा झम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. पश्चिम बंगाल और उड़िशा में हुई बारिश का असर अगले दिन भी देखने को मिलने वाला है. लोगों को सड़क जाम और जल जमाव की स्थिति देखने को मिल सकती है.
देश की राजधानी दिल्ली में आज के मौसम की बात करें तो यहां भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बात पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की करें तो कई जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है. मेरठ, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर समेत कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
बिहार की राजधानी पटना के अलावा गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है. यहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पड़ोसी राज्य झारखंड में भी आज के दिन का मौसम खराब रहने वाला है. रांची, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो और जमशेदपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. उत्तराखंड में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन राज्यों के कई जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
आज यानी 2 अक्टूबर के दिन पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के मौसम की बात करें तो यहां पर भी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना है. पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हवाओं की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मध्य प्रदेश में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कोलकाता में एक दिन पहले भी शाम को जोरदार बारिश हुई थी और अगले दिन भी ऐसा ही अनुमान लगाया जा रहा है. जयपुर और भोपाल में भी बारिश होने का अनुमान है.

