
Mumbai Shivaji Park Rally Case: मुंबई के शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रदर्शन के आयोजकों और करीब 400 से 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी और इस दौरान नारेबाजी, सार्वजनिक रास्ते पर जमावड़ा, बिना अनुमति लाउडस्पीकर के इस्तेमाल जैसी गतिविधियां हुईं।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है। मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। प्रदर्शन में फिल्म जगत की कुछ जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हुईं। इसी प्रदर्शन में नाबालिगों की भागीदारी और उनकी तस्वीरों-वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसार को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी संज्ञान लिया है।
अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन
मुंबई पुलिस ने इससे पहले CJP को 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने अनुमति से जुड़े पत्र में BMC से आवश्यक अनुमति नहीं होने के अलावा संभावित ट्रैफिक जाम, शोर और आसपास के अस्पतालों तक आवाजाही प्रभावित होने जैसी चिंताओं का हवाला दिया था। इसके बाद CJP संस्थापक अभिजीत दिपके ने ‘जेल भरो आंदोलन’ का ऐलान किया था। इसके बावजूद 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क के गेट नंबर 6 के आसपास प्रदर्शनकारी जुटे। प्रदर्शन के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने बाद में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
Cr No 515/26 has been registered at Shivaji Park PS u/s 189, 223 BNS r/w Sec 37(1)(3)/135 MP Act against CJP’s Protest Organisers & unknown 400-500 CJP supporters/Agitators: Mumbai Police
— ANI (@ANI) October 3, 2026
किन आरोपों में दर्ज हुई एफआईआर
मुंबई पुलिस के अनुसार इस मामले में अनधिकृत जमावड़ा, नारेबाजी, यातायात में व्यवधान और बिना अनुमति लाउडस्पीकर के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। FIR शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। पुलिस ने करीब 400-500 अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया है। CJP से जुड़े कई लोगों के नाम शिकायत में दर्ज होने की बात भी कही जा रही है। इनमें अभिजीत दिपके, आशुतोष रंका, प्रणय अहीरे और अन्य समर्थकों के नाम शामिल हैं।
नाबालिगों की भागीदारी पर NHRC सक्रिय
शिवाजी पार्क प्रदर्शन से जुड़ा एक अलग पहलू नाबालिग बच्चों की भागीदारी है। NHRC ने 2 अक्टूबर के प्रदर्शन में नाबालिगों की मौजूदगी और उनकी तस्वीरों और वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने संबंधी शिकायत पर संज्ञान लिया है। आयोग ने मुंबई पुलिस, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत में X के ग्रिवांस ऑफिसर और महाराष्ट्र के महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रधान सचिव को नोटिस भेजे हैं। यह शिकायत सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन के हेड ऑफ इंटरवेंशन सतीश वैद ने की थी।
प्रदर्शन में शामिल हुए फिल्म जगत के चेहरे
2 अक्टूबर के प्रदर्शन में कई सार्वजनिक हस्तियां भी शामिल हुईं। नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और विशाल ददलानी ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन में हिस्सा लिया। अभिनेता प्रकाश राज ने रिकॉर्डेड संदेश के जरिए अपना समर्थन जताया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। CJP ने यह मांग चुनाव आयोग में मतभेदों और मतदाता सूची के SIR को लेकर उठाए गए सवालों के संदर्भ में की है। हालांकि चुनाव आयोग ने इस सभी आरोपों को खारिज किया है और कहा कि आयोग में सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं।
