नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट अब पूरी दुनिया में मजाक बनकर रह गया है. एक नया बखेड़ा सामने आया है जिसमें देश की फजीहत हुई है. शाहिद अफरीदी की कप्तानी वाली पाकिस्तान चैंपियंस टीम 2026 के जारी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में हिस्सा नहीं लेगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम को टूर्नामेंट में खेलने के लिए जरूरी NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) देने से इनकार कर दिया है.
भारत के खिलाफ मैदान पर ही नहीं बाहर भी पाकिस्तान को जोरदार लात पड़ती रहती है. खिलाड़ी मैदान के अंदर हारते हैं तो बाहर अजीब मांग उनकी फजीहत करवाती है. बताया जा रहा है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की तरफ से लिखित माफी चाहिए थी. वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स को इस बचकानी बात की वजह से खेलने से मना कर दिया है.
सोमवार को टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया, “पाकिस्तान चैंपियंस को यह पुष्टि करते हुए खेद है कि टीम जारी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में हिस्सा नहीं ले पाएगी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जरूरी NOC जारी करने से इनकार करने के अपने फैसले को बरकरार रखा है.”
टीम ने आगे कहा कि वह PCB के फैसले का सम्मान करती है. खिलाड़ियों को इस ग्लोबल क्रिकेट इवेंट में पाकिस्तान चैंपियंस के ना खेल पाने की वजह से उन्हें निराशा है. टीम ने अपने खिलाड़ियों, समर्थकों और फैंस को उनके धैर्य, समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया.
चलिए हम आपको समझाते हैं कि आखिर ये पूरा मामला क्या है. दरअसल सारा बवाल वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के आयोजकों द्वारा PCB की कुछ मांगों को स्वीकार नहीं किए जाने के बाद खड़ा हुआ. समाचार एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट के अनुसार, PCB ने भारतीय टीम से पिछले साल पाकिस्तान की टीम के खिलाफ मैच नहीं खेलने के फैसले पर लिखित माफी मांगने को कहा था.युवराज सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था. यह फैसला टूर्नामेंट के ऑपरेशन सिंदूर के केवल दो महीने बाद आयोजित होने के कारण हुए भारी विरोध के बीच लिया गया था.
पिछले एडिशन में भारतीय चैंपियंस टीम ने पाकिस्तानी चैंपियंस के खिलाफ दो मैच को ना खेलने का फैसला लेते हुए उनका बहिष्कार किया था. इसमें एक लीग मैच और दूसरा मुकाबला सेमीफाइनल का था. इसी वजह से भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया था. रिपोर्ट के मुताबिक PCB ने भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने की मांग भी की थी. इसे सीधे तौर पर मना कर दिया गया था.
भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच मुकाबला 10 अक्टूबर को खेला जाना निर्धारित था।
WCL का तीसरा संस्करण इस बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित किया जा रहा है, जहां मुकाबले दुबई और शारजाह में खेले जा रहे हैं।
इस टूर्नामेंट के पहले दो संस्करण इंग्लैंड में आयोजित किए गए थे।

