Bomb threat: गुजरात के अहमदाबाद में 10 स्कूलों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ईमेल में दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 1 नवंबर और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को बम धमाके करने की धमकी भी दी गई। इन दोनों तारीखों पर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट होने हैं। ईमेल में लोगों को इन कार्यक्रमों में शामिल न होने की चेतावनी भी दी गई थी।
खुद को KNA से जुड़ा बताया
धमकी वाला ईमेल मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने अहमदाबाद के स्कूलों में पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि, तलाशी के दौरान किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी बताया है। पुलिस के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि बुधवार सुबह इन स्कूलों में बम धमाके किए जाएंगे। ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया था। हालांकि, जांच में अभी तक इस संगठन से धमकी का कोईसंबंध सामने नहीं आया है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
धमकी मिलने के बाद पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीमों को स्कूलों में भेजा गया। टीमों ने स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली, लेकिन कहीं भी बम या कोई अन्य संदिग्ध सामान नहीं मिला। डीसीपी जोन-7 शिव वर्मा ने बताया कि करीब 10 स्कूलों को ईमेल भेजकर सुबह बम धमाके किए जाने की बात कही गई थी। पुलिस टीमों ने सभी स्कूलों की अच्छी तरह जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
पहले भी मिलीं ऐसी धमकियां
अधिकारियों के अनुसार, अहमदाबाद में इससे पहले भी कई स्कूलों, अदालतों और अन्य संस्थानों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल, पुलिस ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जांच कर रही है।

