Rani Kamalapati station: यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भारतीय रेल की अक्सर आलोचना होती रही है। हर रोज हमें इस तरह की खबरें देखने, सुनने और पढ़ने को मिल जाती हैं। इसी कड़ी में बुधवार को भोपाल में बने विश्वस्तरीय रानी कमलापति स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर भैसें टहलती और गोबर करती नजर आईं। इस वाकये का वीडियो एक्स पर वायरल हो गया। कुछ देर बाद रेलवे ने इसे संज्ञान में लिया।
वायरल हो गया वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्रियों से भरे प्लेटफॉर्म पर दो भैंसें आराम से घूम रही हैं। यही नहीं, वे प्लेटफॉर्म पर गोबर भी कर रही हैं। यात्री इन भैसों से बचते नजर आ रहे हैं। वाकये का वीडियो जब एक्स पर वायरल हुआ, तब रेलवे नींद से जागी।
The cattle had strayed on to the Platform-1 of Rani Kamlapati station from the track area at 15:13 hrs. The alert station staff, pointsman and station master, quickly sprung into action and deterred/removed the cattle at 15:16 hrs (in about 3 minutes). We sincerely regret the inconvenience caused. The concerned agencies have been instructed to plug all such locations from where such breach may occur, and the RKMP administration is being chased to man all such points till complete fencing is done.
— West Central Railway (@wc_railway) October 7, 2026
रेलवे ने क्या कहा?
पश्चिम रेलवे ने जवाब दिया, ”दोपहर 3:13 बजे ट्रैक एरिया से मवेशी भटककर रानी कमलापति स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर आ गए थे। स्टेशन के सतर्क स्टाफ, पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टर ने तुरंत कार्रवाई की और दोपहर 3:16 बजे (लगभग 3 मिनट में) मवेशियों को वहां से हटा दिया। असुविधा के लिए हमें खेद है। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसी सभी जगहों को बंद करें जहां से ऐसी चूक हो सकती है। RKMP प्रशासन से कहा गया है कि जब तक पूरी फेंसिंग नहीं हो जाती, तब तक ऐसे सभी पॉइंट्स पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
क्यों खास है रानी कमलापति स्टेशन?
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन भारत का पहला विश्व स्तरीय पीपीपी मॉडल पर बना आधुनिक रेलवे स्टेशन है। इस स्टेशन का नाम 18वीं शताब्दी की गोंड शासक रानी कमलापति के नाम पर रखा गया है और इसका स्टेशन कोड RKMP है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर, 2021 को इस पुनर्निर्मित स्टेशन का उद्घाटन किया था। यहां यात्रियों के लिए एस्केलेटर, लिफ्ट, विशाल एसी लाउंज, फूड कोर्ट और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियां उपलब्ध हैं। इस स्टेशन पर कुल 5 ब्रॉड गेज प्लेटफॉर्म और 6 ट्रैक हैं। प्लेटफॉर्म 1 के बाहर ‘वन वॉक’ नाम से चौबीसों घंटे खुली रहने वाली अर्बन फूड स्ट्रीट है।

