
Kashmiri Youth Beaten During Delhi Protest: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे INDIA ब्लॉक के विरोध-प्रदर्शन के बीच एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए और इसके बाद कुछ कांग्रेस समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। युवक ने अपनी पहचान फहीम नजीर के रूप में बताई है और वह श्रीनगर का रहने वाला है। उसने दावा किया कि वह प्रधानमंत्री मोदी का समर्थक है और उसने राहुल गांधी के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। इसके बावजूद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
कनॉट प्लेस में हुआ विवाद
यह घटना दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में उस समय सामने आई, जब विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जुटे थे। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेता एक संयुक्त लंच के लिए भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए जाने के बाद विवाद शुरू होने की बात सामने आई है। वीडियो में लोगों के बीच बहस और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। इसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई। बीजेपी इस मामले में कांग्रेस पर हमलावर नजर आ रही है।
युवक ने क्या दावा किया?
मीडिया से बातचीत में युवक ने खुद को फहीम नजीर बताया और कहा कि वह श्रीनगर का रहने वाला है। उसने दावा किया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थक है और प्रदर्शन के बीच अपनी बात रख रहा था। उसका आरोप है कि प्रधानमंत्री के समर्थन में बोलने के बाद कुछ कांग्रेस समर्थक उससे नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट की। युवक ने यह भी कहा कि उसने राहुल गांधी के खिलाफ कोई अपशब्द नहीं कहे थे।
घटना का वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में एक युवक और कुछ लोगों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की दिखाई देती है। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब दिल्ली में INDIA ब्लॉक के दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दल चुनाव आयोग की मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं और चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं। चुनाव आयोग और BJP ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।
