नई दिल्ली. भारतीय टीम को 5 मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है. भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की टीम ने अपने टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 249 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था. 18.3 ओवर में महज 4 विकेट गंवाकर मेहमान टीम ने जीत का लक्ष्य हासिल किया. कप्तान शाई होप ने धमाकेदार सेंचुरी ठोक टीम को जीत तक पहुंचाया.
1-0 की बढ़त लेकर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शहर में पहुंची टीम इंडिया को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. टॉस हारने के बाद भारत पहले बल्लेबाजी करने उतरा और संजू सैमसन की तूफानी फिफ्टी जमाकर बड़े स्कोर की नींव रखी. 41 बॉल पर 82 रन की आतिशी पारी उनके बल्ले से देखने को मिली. आखिरी में आकर कप्तान श्रेयस अय्यर ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर मैदान पर तहलका मचाया. श्रेयस ने 18 बॉल पर 40 रन बनाए जबकि तिलक ने 18 बॉल पर 44 रन की नाबाद पारी खेल स्कोर 249 रन तक पहुंचाया.
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ रांची में ऐसी धमाकेदार पारी खेली जिसने मैच का नक्शा बदल दिया. 250 रन के पहाड़ जैसे स्कोर का पीछा उन्होंने बेहद आसानी से कर लिया. पारी की शुरुआत करने आए इस बैटर ने महज 45 बॉल पर 102 रन की नाबाद पारी खेल टीम के ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाया. शेरफन रदरफोर्ड ने महज 37 बॉल पर 84 रन की पारी खेल डाली. वेस्टइंडीज ने इन दोनों की बल्लेबाजी के दम पर टी20 इतिहास का अपने सबसे बड़ा रन चेज कर डाला.

