Delhi Train Cancellation Update: दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे बिहार के रेल यात्रियों के लिए अहम खबर है। राजधानी में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे के मुताबिक 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द किया जाएगा। इस फैसले से बिहार के यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। आरा और भोजपुर क्षेत्र के यात्रियों को भी अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचकर ही स्टेशन के लिए निकलने की सलाह दी जाती है।
राजधानी समेत कई ट्रेनें प्रभावित
बिहार से दिल्ली जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनें रेलवे के इस फैसले से प्रभावित हो सकती हैं। इनमें तेजस राजधानी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। ब्रह्मपुत्र मेल, पूर्वा एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस, गरीब रथ और अन्य ट्रेनों पर भी असर पड़ सकता है। रेलवे का आदेश निर्धारित समय के भीतर नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर लागू होता है, जो 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली थीं।
रेलवे के फैसले का यात्रियों पर असर
आरा जंक्शन से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बदलाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। भोजपुर जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों से नौकरी, पढ़ाई, इलाज और अन्य जरूरी कामों के लिए दिल्ली जाने वाले लोगों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। अगर किसी यात्री की ट्रेन निर्धारित समयावधि में नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली है, तो उसे यह जांचना चाहिए कि संबंधित सेवा रद्द की गई है या नहीं।
रेलवे ने क्यों लिया यह फैसला?
रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी सड़क जाम की आशंका के कारण यह कदम उठाया है। अधिकारियों के अनुसार भीड़ और सड़क अवरोध के कारण यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए निर्धारित समयावधि में आने वाली ट्रेनों को शुरुआती स्टेशनों से रद्द करने का निर्णय लिया गया। यह फैसला दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य समूहों के प्रदर्शन से पहले लिया गया है। हालांकि रेलवे के आदेश में ट्रेनों के परिचालन पर रोक का कारण स्टेशन के आसपास संभावित जाम बताया है।

