नई दिल्ली. भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला मुकाबला जीतने के बाद दूसरे टी20 में भी धमाल मचाया. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने ऐसा स्कोर बना डाला जिसे अब तक किसी ने हासिल नहीं किया. संजू सैमसन के 82 रन के बाद श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा की तेजतर्रार पारियों ने भारत को 5 विकेट पर 249 रन तक पहुंचाया.
लगातार चार पारियों में कम स्कोर बनाने के बाद सैमसन ने महज 21 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका नौवां अर्धशतक है. उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर 43 गेंद में 97 रन की साझेदारी की. इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया. धमाकेदार बल्लेबाज कर रहे संजू सैमसन शतक से चूक गए. 9 चौके और 4 छक्के की मदद से उन्होंने 82 रन बनाए.
श्रेयस अय्यर ने महज 18 गेंद में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली. जबकि तिलक वर्मा 18 बॉल पर 44 रन ठोक डाले. इस दौरान उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 5000 रन भी पूरे कर लिए. अय्यर और तिलक ने सिर्फ 32 गेंदों में 83 रन की साझेदारी की और भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. इस जोड़ी की तूफानी साझेदारी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना सबसे बड़ा टी20 स्कोर बना डाला. भारत ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 विकेट पर 244 रन बनाए थे.

