Punjab News : दिल्ली के गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में दिल्ली पुलिस के जवानों के कथित तौर पर जूते पहनकर और बिना सिर ढके प्रवेश करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को श्री अकाल तख्त साहिब में जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात की। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और ज्ञापन सौंपा।
वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर और कुलदीप सिंह धालीवाल ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है और ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
आप विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि गुरुद्वारे सदियों से शरण, शांति और सेवा के केंद्र रहे हैं। यहां हर व्यक्ति श्रद्धा के साथ आता है और उसे लंगर छकने सहित अन्य सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का दिल्ली पुलिस पीछा कर रही थी, वे गुरुद्वारा साहिब के परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश करते समय सिर ढकने और जूते उतारने जैसी परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
वहीं शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी ) के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी पर सवाल उठाते हुए आप नेता मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कथित घटना पर उनकी चुप्पी को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर स्पष्ट रुख सामने आना चाहिए।
