Jammu & Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से सोमवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। जिले के सीमावर्ती गांव में जबरदस्त धमाके की आवाज सुनी गई है। संदेह जताया जा रहा है कि यह एक आईईडी ब्लास्ट था। धमाके में कुछ लोगों के मारे जाने और कुछ के घायल होने की जानकारी मिली है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में गश्ती बढ़ा दी है।
धमाके में कई लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, यह धमाका जीरो लाइन के पास बसे इलाके सतवाल-नाकी के पास हुआ है। यह धमाका उस वक्त हुआ, जब एलओसी के पास कुछ लोगों का मूवमेंट दिखा था। इस धमाके में कुछ लोगों की मौत भी खबरें हैं, लेकिन उनकी वास्तविक संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
धमाके की वजह स्पष्ट नहीं
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका एलओसी पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकियों ने किया या फिर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने किया। अब तक इस धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने सीमा से सटे सभी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। गौरतलब है कि सोमवार को ही सैनिकों ने मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में दो बारूदी सुरंग बरामद किए थे।
काफी संवेदनशील है इलाका
जिस जगह पर यह धमाका हुआ है वह काफी संवेदनशील माना जाता है। यहां से अक्सर आतंकवादी घुसपैठ करते रहे हैं। इसी तरह के एक धमाके में पाकिस्तान की BAT टीम के 6 लोग मारे गए थे।
दो बारूदी सुरंगें बरामद
आज सुबह इसी इलाके के पास दो बारूदी सुरंग बरामद हुए थे। इन्हें सेना ने निष्क्रिय कर दिया। बीते एक सप्ताह के अंदर ही यहां से करीब एक दर्जन लैंडमाइन बरामद किए गए हैं। सर्दियों के मौसम में आतंकी घुसपैठ के मामलों में थोड़ा इजाफा होने लगता है। ऐसे में अगले कुछ महीने घुसपैठ रोकने के लिहाज से सुरक्षाबलों के लिए अहम हैं।

