Delhi Traffic News Today: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित सभा के मद्देनजर कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। स्थिति के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं। इसका असर नई दिल्ली के व्यावसायिक और प्रशासनिक इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों की यात्रा पर पड़ सकता है। कार्यालय से घर लौटने वाले कर्मचारियों, कनॉट प्लेस आने वाले लोगों और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।
इन 21 सड़कों पर पड़ सकता है असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार 16 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रेल भवन के आसपास का मार्ग, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, अशोक रोड, तिलक मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड शामिल हैं। इन मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को निकलने से पहले ट्रैफिक की लेटेस्ट अपडेट देखने चाहिए।
कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क रहेगा बंद
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी अहम फैसला लिया है। परिषद की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार पार्क 16 और 17 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक कारणों से आम जनता के लिए बंद रहेगा। यह फैसला सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ सभा के मद्देनजर लिया गया है। इस आयोजन का आह्वान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने किया था। प्रस्तावित सभा को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की तैयारियां की हैं। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू हैं। पार्क बंद होने का मतलब यह नहीं है कि कनॉट प्लेस का पूरा बाजार या आसपास की सभी सड़कें बंद रहेंगी। हालांकि आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश जानिए
प्रस्तावित सभा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है। नई दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है और निगरानी के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से सेंट्रल पार्क में अनावश्यक रूप से इकट्ठा न होने की अपील भी की है। ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि लोग अपनी यात्रा पहले से तय करें और सड़क पर अतिरिक्त समय लेकर निकलें। जहां संभव हो, निजी वाहन की जगह दिल्ली मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
ट्रैफिक का लाइव अपडेट कहां देखें?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in पर ताजा एडवाइजरी देखें। पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट और हेल्पलाइन के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। हेल्पलाइन नंबर: 1095 और 011-25844444

