नई दिल्ली. दिल्ली में कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 16 अक्टूबर शाम 5 बजे तिरंगा मार्च निकालने की कॉकरोच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की तरफ से अह्वान किया गया था. इस ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान से जुड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार को राजधानी के अलग-अलग इलाकों से 150 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया.
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा और CJP के संस्थापक अभिजीत डिपके को भी डिटेन किया गया. अब उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लगाए गए प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन के मामले में FIR दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं नेहा बोरा के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहा बोरा को 2 अक्टूबर से अब तक नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के दौरान आठ से अधिक बार हिरासत में लिया जा चुका है. शुक्रवार को उन्हें मंडी हाउस के पास उस समय हिरासत में लिया गया. वह प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कनॉट प्लेस की ओर जा रही थीं. नेहा बोरा के वकील ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि पुलिस उनकी मुवक्किल के ठिकाने की जानकारी छिपा रही है. वकील का यह भी आरोप है कि नेहा बोरा को अपने कानूनी सलाहकार से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को भी दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर हिरासत में लिया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्हें झंडेवालान स्थित उनके आवास से उस समय हिरासत में लिया गया. वह कनॉट प्लेस में प्रस्तावित मार्च में शामिल होने जा रहे थे. इसके बाद उन्हें जाफरपुर कलां पुलिस स्टेशन ले जाने की जानकारी सामने आई. CJP ने आरोप लगाया कि दिपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया. इसी तरह AISA ने दावा किया कि नेहा बोरा को एक बिना नंबर या पहचान वाले वाहन में ले जाया गया. इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई. पुलिस ने दावा किया कि कुछ लोग भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों के बावजूद प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे. CJP का प्रस्तावित प्रदर्शन कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में होना था. इससे पहले पुलिस ने अभिजीत को नोटिस जारी कर ऐसी गतिविधियों से दूर रहने का निर्देश दिया था.

