नई दिल्ली. पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. इसके बाद भी इंडियन प्रीमियर लीग में खेलना जारी रखा. अब अगले सीजन में क्या वो खेलने उतरेंगे या नहीं इसको लेकर चर्चा हो रही है. ऐसे में उन्होंने इसे लेकर खुद ही जानकारी दी है. धोनी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वो इसका फैसला फिटनेस की जांच के आधार पर करेंगे.
धोनी दुनिया के महान क्रिकेटरों में से एक हैं. उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पांच बार IPL का खिताब जीता है. चोट और फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के कारण धोनी IPL 2026 के पूरे सीजन में नहीं खेल सके. उनकी गैरमौजूदगी में चेन्नई की टीम पूरे सीजन संघर्ष करती रही. लगातार तीसरे साल प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही. IPL 2026 में धोनी के नहीं खेलने के बाद उनके संन्यास की अटकलें तेज हो गई थीं. चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से समय-समय पर इन अटकलों को खारिज किया जाता रहा है. अब IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन करने की समयसीमा से पहले खुद धोनी ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.
VIDEO | Karnataka: At the launch event of Neuberg Anand Health Checkups in Bengaluru, former India cricket captain MS Dhoni says, “Will assess fitness to decide on playing another IPL season.”
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/RsDhcsRx7w
— Press Trust of India (@PTI_News) October 24, 2026
बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान धोनी से पूछा गया कि क्या वह IPL 2027 में खेलते नजर आएंगे. इस पर उन्होंने कहा कि अगले सीजन में खेलने का फैसला लेने से पहले उन्हें अपनी फिटनेस की जांच करानी होगी. दिसंबर से पहले वह आकलन करेंगे कि उनका शरीर एक और सीजन खेलने के लिए कितना फिट है. धोनी ने कहा, “मुझे फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा. रिपोर्ट मिलने के बाद दिसंबर से पहले मुझे देखना होगा कि मैं एक और सीजन खेलने के लिए कितना मजबूत हूं. अगर मैं पर्याप्त फिट नहीं हुआ, तो आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि इस पुरानी विंटेज गाड़ी को सड़क पर अच्छी तरह चलाने के लिए सब कुछ सही किया जाए.”
धोनी के इस बयान से संकेत मिलता है कि वह IPL 2027 में खेलने की संभावना पर विचार कर रहे हैं. उन्होंने अभी अगले सीजन में खेलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. उनका अंतिम फैसला फिटनेस पर निर्भर करेगा.

