Haryana News: हरियाणा के भिवानी के गांव मुंडालखुर्द में सात वर्षीय बच्चे का शव मिलने से गांव में शोक का माहौल है। 23 अक्टूबर को बच्चा घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। अब गांव के जोहड़ के किनारे बच्चे का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी एएसआई दीपक कुमार ने दी।
भिवानी के गांव मुंडालखुर्द में एक सात वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को बच्चा घर से खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच गांव के सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि जोहड़ के किनारे एक बच्चे का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद 23 अक्टूबर से लापता बच्चे के परिजनों को बुलाकर शव की पहचान करवाई गई, जिसकी पुष्टि परिजनों ने की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल बच्चे की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, बच्चे के पिता पैरों से दिव्यांग हैं और मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही चल सकेगा।

