Delhi Air Pollution News: राजधानी दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर होती जा रही है। बुधवार, 4 नवंबर की सुबह दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद चिंताजनक है। खासकर जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, मुंडका और रोहिणी जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। ऐसे में दिल्ली में रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में AQI
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्था (IITM) के दिल्ली एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम पर उपलब्ध 4 नवंबर को सुबह 4 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, जहांगीरपुरी दिल्ली का सबसे प्रदूषित इलाका रहा, जहां AQI 441 दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक 438 और मुंडका में 433 रहा। वहीं रोहिणी में AQI 426, DTU में 425 और विवेक विहार में 419 दर्ज किया गया। इसके अलावा नरेला में AQI 415, अलीपुर में 415, आरके पुरम में 409 और सोनिया विहार में 409 दर्ज किया गया। ITO में प्रदूषण का स्तर 405, बवाना में 405 और पटपड़गंज में 401 रहा।
दिल्ली के अन्य इलाकों की बात करें तो आनंद विहार में सुबह 4 बजे AQI 284 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। अशोक विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 335, द्वारका सेक्टर-8 में 388 और नेहरू नगर में 320 रहा। ओखला फेज-2 में AQI 393, वजीरपुर में 354, शादिपुर में 343 और सिरिफोर्ट में 399 दर्ज किया गया। इसी तरह श्री अरबिंदो मार्ग में AQI 301, दिलशाद गार्डन के IHBAS क्षेत्र में 302 और नजफगढ़ में 365 रहा। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रदूषण का स्तर 391, डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 392 और मंदिर मार्ग में 397 दर्ज किया गया। इन इलाकों में हवा बहुत खराब श्रेणी में रही।
दिल्ली में आगे कैसा रहेगा प्रदूषण का हाल?
IITM के 3 नवंबर को जारी दिल्ली वायु गुणवत्ता एवं मौसम बुलेटिन के अनुसार 4 से 6 नवंबर के दौरान राजधानी की हवा बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान जताया गया था। इसके बाद अगले छह दिनों में वायु गुणवत्ता बहुत खराब से गंभीर श्रेणी तक पहुंचने की आशंका व्यक्त की गई है। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे मौसम की परिस्थितियां भी अहम भूमिका निभा रही हैं। 4 नवंबर की सुबह तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस, नमी 99 प्रतिशत और हवा की गति शून्य किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। हालांकि दिन के समय प्रदूषण के फैलाव में कुछ सुधार संभव है।

