रोहतक. हरियाणा के रोहतक जिले में झज्जर-रोहतक रोड पर शिमली गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब टायर फटने के बाद सड़क किनारे गाड़ी का टायर बदल रहे मजदूरों को तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कुचल दिया. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है. तीनों मजदूरों के परिवार में अकेले कमाने वाले थे तीनों, पुलिस ने तीनों मजदूरों के शवों का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है.
जानकारी के अनुसार, रोहतक में एक टेंट की दुकान पर काम करने वाले चार मजदूर झज्जर-रोहतक रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी का टायर फट गया. इसके बाद सभी मजदूर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदलने लगे. तभी अचानक तेज रफ्तार से आई एक बेकाबू कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर का हाथ टूट गया. घायल को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया है
.हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों में दो उत्तर प्रदेश और एक रोहतक का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि तीनों मजदूर अपने-अपने परिवारों में अकेले कमाने वाले थे. ऐसे में इस हादसे ने तीन परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. आज तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
घर पर कमाने वाला नहीं बचा
पुलिस अधिकारी आशीष पुलिस का कहना है कि फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. तीनों मृतकों की पहचान नागेंद्र मैनपुरी, मुकेश सीतापुरी यूपी और भोला रोहतक का रहने वाला था. साथी मनोज ने बताया कि तीनों मेरे साथ में काम करते थे और टायर बदल रहे थे तो कार वाले ने कुचल दिया. नागेंद्र के घर में अकेली मां बची है और पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है.
