नई दिल्ली. देश की राजधानी में सर्दियों के आते ही मौसम को लेकर चिंता बढ़ जाती है. त्योहारों के मौसम में लोगों के लिए यहां सांस लेना मुश्किल होता जाता है. एक बार फिर से दिल्ली की हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है. जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है.
दिल्ली की हवा एक बार फिर से लोगों के लिए चिंता का सबब बन चुकी है. स्थानीय प्रदूषण स्रोतों और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं ने राजधानी में वायु प्रदूषण को बढ़ाने में योगदान दिया है. इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए कई कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को आनंद विहार के आसपास का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. गुरुवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 369 दर्ज किया गया, जो बुधवार के 377 के मुकाबले केवल 8 अंक कम था.
#WATCH | Delhi: Air Quality Index (AQI) in the area around Anand Vihar is 350, categorised as ‘Very Poor’, as per the CPCB (Central Pollution Control Board).
(Visuals shot at 6:20 am) https://t.co/ElXxQlZ1Nj
— ANI (@ANI) November 6, 2026
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (AQEWS) के अनुसार, शुक्रवार से रविवार तक दिल्ली की हवा की गुणवत्ता बिगड़कर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकती है. अगले छह दिनों के दौरान भी वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणियों के बीच बने रहने की आशंका है. गुरुवार को दिल्ली के 59 सक्रिय वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 22 केंद्रों पर AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया. इनमें सबसे अधिक AQI पंजाबी बाग में 459 दर्ज किया गया. इसके बाद जहांगीरपुरी (457), रोहिणी (453), IIT दिल्ली (452) और DTU (443) का स्थान रहा.
वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए निर्णय सहायता प्रणाली (DSS) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में PM2.5 प्रदूषण में पराली जलाने का अनुमानित योगदान 15.6 प्रतिशत रहा. अनुमान है कि शुक्रवार को यह बढ़कर 19.2 प्रतिशत हो जाएगा, जबकि शनिवार को इसमें भारी गिरावट आकर यह केवल 1.6 प्रतिशत रह जाएगा. आने वाले दिनों में वाहनों से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी बढ़ने की संभावना है.
गुरुवार को परिवहन क्षेत्र का योगदान 17.9 प्रतिशत था।
शुक्रवार को इसके बढ़कर 18.3 प्रतिशत होने का अनुमान है।
शनिवार को यह बढ़कर 21.1 प्रतिशत तक पहुंच सकता है।

