भारत में त्योहारों का मौसम है और ऐसे में कई राज्यों में बारिश इसका मजा किरकिरा कर रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 6 नवंबर को देश के कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, देश के 13 राज्यों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है. बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में फिलहाल चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी आने और बिजली गिरने की भी आशंका है. बिहार के गया, नवादा, अरवल, लखीसराय, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, भोजपुर और बक्सर में भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा झारखंड के रांची, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, धनबाद, बोकारो और हजारीबाग में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली में 6 नवंबर को बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इनमें सहारनपुर, बहराइच, हरदोई, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मेरठ, कानपुर, हमीरपुर, अयोध्या, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और ललितपुर शामिल हैं.
दिल्ली के सटे पंजाब के कई जगहों पर बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है. फिरोजपुर, बठिंडा, फरीदकोट, मुक्तसर, लुधियाना, अमृतसर, पठानकोट, संगरूर और बरनाला में हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, बागेश्वर, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और हमीरपुर में बारिश होने का अनुमान है। यहां 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है. इनमें श्रीगंगानगर, अलवर, झुंझुनूं, टोंक, अजमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, करौली, भीलवाड़ा और पाली शामिल हैं. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मध्य प्रदेश के विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), सिवनी, देवास, बैतूल, हरदा, धार, गुना, नीमच, उज्जैन, उमरिया, जबलपुर और आगर मालवा में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है.

