Stock Market News Today: भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बिकवाली का दबाव देखने को मिला। लगातार 10 कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में आ गए। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 537 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी में भी करीब 200 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली ने बाजार की कमजोरी बढ़ाई। हालांकि गुरुवार को दोनों प्रमुख सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे।
सेंसेक्स 537 अंक टूटा, निफ्टी में भी गिरावट
शुक्रवार सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों में सतर्कता देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 77 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 81,833 पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी 89.50 अंक यानी 0.35 फीसदी फिसलकर 25,209 के स्तर पर खुला। इसके बाद शुरुआती कारोबार में बिकवाली तेज हो गई। सुबह करीब 9:23 बजे सेंसेक्स 555 अंकों की गिरावट के साथ 81,356 के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी करीब 207 अंक टूटकर 25,092 के स्तर पर पहुंच गया।
बैंकिंग और मिडकैप शेयरों पर भी दबाव
शुरुआती कारोबार में बाजार के कई प्रमुख सेक्टरों में गिरावट देखने को मिली। बैंक निफ्टी करीब 0.80 फीसदी नुकसान में रहा, जबकि मिडकैप इंडेक्स में 0.46 फीसदी की कमजोरी दर्ज की गई। निफ्टी नेक्स्ट 50 भी 0.50 फीसदी से ज्यादा फिसल गया। शुरुआती सत्र में कुल 2,743 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें 864 शेयर बढ़त के साथ और 1,728 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। इससे साफ है कि बाजार में बिकवाली का दबाव केवल चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं था।
बाजार में गिरावट की क्या रही वजह?
शुक्रवार को बाजार में कमजोरी के पीछे मुनाफावसूली के साथ वैश्विक और घरेलू आर्थिक चिंताएं भी जिम्मेदार रहीं। अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। कच्चे तेल और महंगाई से जुड़ी चिंताओं के कारण भारतीय शेयर बाजार पर दबाव रहा। इसके अलावा बैंकिंग और ऑटोमोबाइल शेयरों में बिकवाली ने प्रमुख सूचकांकों को नीचे खींचा।

