Arvind Kejriwal Threat Case: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग का सदस्य बताया है और 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने केजरीवाल के साथ उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को भी जान से मारने की धमकी दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने सीधे केजरीवाल को फोन करने के बजाय दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से AAP विधायक जरनैल सिंह को कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर फिरौती की मांग पहुंचाई। शिकायत मिलने के बाद मोहाली के साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
AAP विधायक को आया धमकी भरा फोन
शिकायत के अनुसार AAP विधायक जरनैल सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की थी। इसके बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम H दिखाई दे रहा था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और विधायक से कहा कि वह अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये देने का संदेश पहुंचा दें। आरोपी ने धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी। आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ लिखित व्हाट्सएप मैसेज में भी फिरौती की मांग दोहराई। इसके बाद जरनैल सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।
7 करोड़ रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी
इस मामले में आरोपी ने सिर्फ अरविंद केजरीवाल को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल का नाम लेकर भी धमकी दी। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने साफ कहा कि 7 करोड़ रुपये नहीं मिलने पर दोनों की हत्या कर दी जाएगी। विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी भूमिका का इस्तेमाल करते हुए केजरीवाल तक रंगदारी की मांग और जान से मारने की धमकी पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने पुलिस से इस मामले को गंभीर आपराधिक साजिश मानते हुए कार्रवाई करने का आग्रह किया।
मोहाली साइबर क्राइम थाने में FIR दर्ज
विधायक की शिकायत पर पुलिस की प्रारंभिक जांच में संज्ञेय अपराध के संकेत मिलने के बाद मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और डिजिटल माध्यमों से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी और उसकी वास्तविक पहचान को लेकर जांच जारी है। विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) लॉग और मोबाइल लोकेशन की जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को व्हाट्सएप पर मिले धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है। शिकायत में आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने की मांग की गई है।

