Microsoft Global Outage Ends: दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल और क्लाउड आधारित सेवाओं में आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद कंपनी ने अपनी सभी सेवाएं बहाल कर दी हैं। गुरुवार देर रात से शुरू हुई इस वैश्विक बाधा के कारण आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट 365, टीम्स और कोपायलट समेत कई सेवाओं का इस्तेमाल करने में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस आउटेज का असर एशिया से लेकर यूरोप और अमेरिका तक देखने को मिला। शनिवार सुबह माइक्रोसॉफ्ट के सर्विस स्टेटस पेज पर सभी उत्पादों के सामान्य रूप से काम करने की जानकारी दी गई।
कंपनी ने इस घटना के लिए अपने ग्राहकों और साझेदारों से माफी मांगी है। माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई इस बाधा के पीछे किसी साइबर हमले या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी गतिविधि का हाथ नहीं था, बल्कि नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी इसकी वजह बनी।
नेटवर्क अपग्रेड के दौरान आई तकनीकी खराबी
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक आउटेज की शुरुआत नेटवर्क क्षमता बढ़ाने से जुड़े एक पुराने अपग्रेड के दौरान उत्पन्न हुई समस्या से हुई थी। हाल ही में नेटवर्क में किए गए एक बदलाव के बाद यह तकनीकी खामी सामने आई और धीरे-धीरे इसका असर कंपनी की विभिन्न सेवाओं पर पड़ने लगा। कंपनी ने बताया कि इस समस्या के कारण माइक्रोसॉफ्ट 365 के नेटवर्क और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर में बाधा आई। विशेष रूप से एक्सचेंज ऑनलाइन से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हुईं, जिसके चलते कई यूजर्स अपने आउटलुक मेलबॉक्स तक पहुंच नहीं बना पा रहे थे। कुछ मामलों में ईमेल भेजने और प्राप्त करने में भी देरी हुई।
माइक्रोसॉफ्ट ने जारी बयान में कहा, ”इस घटना के कारण हमारे ग्राहकों और साझेदारों को हुई परेशानी के लिए हमें बेहद खेद है। हम जानते हैं कि वे हमारी सेवाओं पर कितना भरोसा करते हैं और इस जिम्मेदारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं।” कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि शुरुआती तकनीकी समस्या को दूर कर लिया गया है और सेवाओं को सामान्य स्थिति में लाने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं।
चरणबद्ध तरीके से बहाल की गईं सेवाएं
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि आउटेज के बाद सेवाओं को एक साथ पूरी तरह चालू करने के बजाय चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया। इसकी वजह प्रभावित सिस्टम पर बढ़ा हुआ दबाव और सेवाओं की भारी मांग थी। कंपनी ने हर चरण में नेटवर्क और संबंधित सेवाओं की स्थिरता की जांच की, ताकि बहाली के बाद दोबारा किसी तरह की रुकावट न आए। कंपनी के अनुसार इस प्रक्रिया में सामान्य से अधिक समय लगा, लेकिन इससे सेवाओं को स्थिर तरीके से दोबारा शुरू करने में मदद मिली। माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी बताया कि शुरुआती समस्या का समाधान करने के बाद प्रभावित क्षेत्रों और ग्राहकों तक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर काम किया गया।
कई तकनीकी खामियों ने बढ़ाई मुश्किल
माइक्रोसॉफ्ट के कोपायलट एजेंट्स और प्लेटफॉर्म विभाग के कार्यकारी उपाध्यक्ष चार्ल्स लामन्ना ने भी इस आउटेज को लेकर जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि शुरुआती तकनीकी समस्या के अलावा कई अन्य सिस्टम संबंधी खामियों ने सेवाओं को बहाल करने की प्रक्रिया को और मुश्किल बना दिया था। जांच में एक के बाद एक कई सिस्टम में खराबी और नेटवर्क के बाहरी हिस्से पर अचानक बढ़े ट्रैफिक जैसी स्थितियों का पता चला। तकनीकी भाषा में इसे Cascading Failures और ‘Thundering Herds’ कहा जाता है। इन कारणों से रिकवरी की प्रक्रिया सामान्य से अधिक जटिल हो गई। उन्होंने कहा कि वह इंजीनियरिंग टीम के साथ मिलकर इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

