India Religion Population 2070: भारत में आने वाले पांच दशकों में धार्मिक आधार पर जनसंख्या का स्वरूप किस तरह बदल सकता है? अमेरिका के प्रतिष्ठित रिसर्च संस्थान Pew Research Center की ताजा रिपोर्ट ने इस सवाल पर एक अहम अनुमान पेश किया है। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2070 तक भारत हिंदू बहुसंख्यक देश बना रहेगा, लेकिन कुल आबादी में हिंदुओं का प्रतिशत कुछ कम हो सकता है। दूसरी ओर मुस्लिम आबादी का हिस्सा बढ़ने का अनुमान है।
पीयू रिसर्च सेंटर की 18 नवंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी करीब 79.4% और मुसलमानों की 15.2% थी। अनुमान है कि 2070 तक हिंदुओं की हिस्सेदारी घटकर 75.8% रह जाएगी, जबकि मुस्लिम आबादी का हिस्सा बढ़कर 19.6% हो सकता है। 2070 में भी भारत में हिंदू आबादी तीन-चौथाई से अधिक बनी रहेगी।
भारत की धार्मिक आबादी का क्या होगा?
Pew की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में हिंदुओं की संख्या आने वाले दशकों में कम नहीं होगी, बल्कि बढ़ेगी। कुल जनसंख्या में उनकी हिस्सेदारी में गिरावट आने का अनुमान है। रिपोर्ट के अनुसार 2020 में भारत में करीब 110 करोड़ हिंदू थे। 2070 तक इनकी संख्या बढ़कर लगभग 130 करोड़ होने का अनुमान है। वहीं, मुस्लिम आबादी की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। 2020 में भारत में करीब 21.3 करोड़ मुसलमान थे। 2070 तक यह संख्या बढ़कर करीब 33.4 करोड़ हो सकती है। इस तरह हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी बढ़ेगी, लेकिन मुस्लिम आबादी की वृद्धि की रफ्तार अधिक रहेगी।
मुस्लिम आबादी बढ़ने की क्या है वजह?
पीयू रिसर्च सेंटर के मुताबिक भारत में हिंदू और मुस्लिम समुदायों की जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार में अंतर के पीछे प्रजनन दर (Fertility Rate) और दोनों समुदायों की औसत आयु का अंतर अहम भूमिका निभाता है। मुस्लिम आबादी का आयु प्रोफाइल अपेक्षाकृत युवा है और मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक है। भारत के राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण 2019-21 के आंकड़ों पर नजर डालें तो मुस्लिम महिलाओं की कुल प्रजनन दर 2.36 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई थी। वहीं, हिंदू महिलाओं की प्रजनन दर 1.94 थी। दोनों समुदायों के बीच प्रजनन दर का अंतर मौजूद है।
दुनिया में भी बढ़ेगी हिंदुओं की आबादी
यह रिपोर्ट केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में धार्मिक आबादी के संभावित बदलावों का आकलन करती है। रिपोर्ट के मुताबिक 2020 में दुनियाभर में करीब 120 करोड़ हिंदू थे। 2070 तक इनकी संख्या बढ़कर लगभग 140 करोड़ होने का अनुमान है। हालांकि दुनिया की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 2020 के करीब 15% से घटकर 2070 में लगभग 14% रह सकती है। इसकी वजह यह है कि वैश्विक स्तर पर अन्य धार्मिक समूहों की आबादी तुलनात्मक रूप से तेजी से बढ़ने का अनुमान है।

