नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को शुरू हुआ. मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने दमदार शुरुआत की लेकिन ग्लेन फिलिप्स और हेनरी निकोल्स ने बाजी पलट दी. दिन का खेल खत्म होने के समय मेजबान टीम ने 5 विकेट पर 243 रन बनाए थे. मैच के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल फील्ड अंपायर से डीआरएस को लेकर उलझ गए.
टॉस जीतकर कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी चुनी. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में पहले टेस्ट मैच के पहले दिन सुबह के सेशन में शानदार प्रदर्शन किया. मेजबान न्यूजीलैंड ने दूसरे सेशन में एक और विकेट गंवाने से पहले चार विकेट खो दिए थे. इस दौरान मैदान पर कुछ कॉन्ट्रोवर्सी भी हो गई. मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बीच तीखी बहस देखने को मिली. यह घटना 31वें ओवर में हुई, जब जसप्रीत बुमराह की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स बाल-बाल बच गए.
The skipper isn’t pleased! 😤
A tense moment in the middle as Shubman Gill makes his case to the umpire! 👀
Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand, 1st Test, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV.
#SonySportsNetwork #SonyLIV #NZvIND https://t.co/Jlh2oa40fc
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 19, 2026
टीवी अंपायर पॉल रीफेल ने कई बार वीडियो फुटेज देखने के बाद फैसला सुनाया कि गेंद के पिछले पैर (बैक पैड) से टकराने से पहले बल्ले का हल्का किनारा लगा था. रीप्ले में गेंद के बल्ले के पास से गुजरते समय स्निकोमीटर पर हल्का स्पाइक दिखाई दिया. शुभमन गिल का मानना था कि बल्ले और पैड के बीच काफी दूरी थी और गेंद बल्ले से नहीं लगी थी. जब फैसला उनके हक में नहीं आया तो फील्ड अंपायर की तरफ बढ़े और उनको समझाने की कोशिश की. इस दौरान गिल आक्रामक मूड में नजर आए.
गुरुवार को पहले टेस्ट के पहले दिन भारतीय तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय गेंदबाजों ने लंच तक न्यूजीलैंड का स्कोर 60 रन पर 4 विकेट कर दिया. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला भारत के लिए सही साबित हुआ. जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट हासिल किए, जबकि अंशुल कंबोज और आकाश दीप ने एक-एक विकेट लेकर न्यूजीलैंड की टीम पर दबाव बना दिया. बुमराह ने पहले ही ओवर में टॉम लैथम को दो गेंदों पर बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. लैथम ने गेंद को छोड़ने का फैसला किया था, लेकिन बुमराह की अच्छी लेंथ वाली गेंद तेजी से अंदर की ओर आई और ऑफ स्टंप के ऊपरी हिस्से से जा टकराई.

