Jammu Kashmir Latest News: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। जम्मू के अरनिया सेक्टर में सुरक्षाबलों ने 20 वर्षीय पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। युवक की संदिग्ध गतिविधियों के बाद उसे सीमा के नजदीक साई इलाके से पकड़ा गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पाकिस्तान का यह युवक भारतीय सीमा में किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसका यहां आने का मकसद क्या था? फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके भारत में दाखिल होने से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
कौन है पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक?
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक का नाम अवैस राजा है। उसकी उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लय्या जिले का निवासी है। उसका पूरा पता बस्ती गोकल, डाकखाना खास, जरनवाली, तहसील करोर लाल ईसान, जिला लय्या बताया गया है। युवक को अरनिया सेक्टर में हरापीर पुल के नजदीक सुबह करीब 7:30 बजे पकड़ा गया। उसकी पहचान और राष्ट्रीयता की प्रारंभिक जांच की गई है। इसके बाद पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां जुटा रहीं जानकारी
पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लेने के बाद पुलिस का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि वह भारतीय सीमा में कैसे पहुंचा। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि युवक गलती से सीमा पार करके भारत आया या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। गिरफ्तारी के समय उसके पास से कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। सुरक्षा एजेंसियां उसके बयान और अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही हैं।
अरनिया सेक्टर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
जम्मू का अरनिया सेक्टर भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है। इस क्षेत्र में सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर सुरक्षा बलों की लगातार नजर रहती है। ऐसे में किसी पाकिस्तानी नागरिक का भारतीय क्षेत्र में पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए जांच का विषय बन जाता है। इस मामले में भी पुलिस और सीमा सुरक्षा से जुड़ी एजेंसियां मिलकर युवक के सीमा पार करने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं।

