फरीदाबाद: ओट्स से चेहरे की देखभाल करना आसान और किफायती तरीका हो सकता है. घर में मौजूद ओट्स का इस्तेमाल त्वचा की सफाई और डेड स्किन हटाने के लिए किया जा सकता है. इसे दूध, मलाई या शहद के साथ मिलाकर लगाने से त्वचा को नमी देने में भी मदद मिलती है. खास बात यह है कि ओट्स से घर पर ही फेस स्क्रब तैयार किया जा सकता है. इस बारे में लोकल 18 से बातचीत में फरीदाबाद की आयुर्वेदिक डॉक्टर अनु शर्मा ने इसके इस्तेमाल के तरीके और फायदे बताए.
डॉक्टर अनु शर्मा बताती हैं कि ओट्स चेहरे की स्क्रबिंग के लिए अच्छा विकल्प है. इसे दूध के साथ मिलाकर चेहरे पर लगाया जा सकता है. इससे त्वचा की ऊपरी सतह पर मौजूद डेड स्किन हटाने में मदद मिलती है. ओट्स को स्क्रब की तरह इस्तेमाल करने से चेहरे की सफाई होती है. इसे लगाते समय हल्के हाथों से त्वचा पर मसाज करनी चाहिए, ताकि रगड़ से परेशानी न हो.
ओट्स में शहद मिलाकर लगाने से स्क्रबिंग के साथ टैनिंग में फायदा
अनु शर्मा बताती हैं कि ओट्स में शहद मिलाकर लगाने से स्क्रबिंग के साथ टोनिंग का भी फायदा मिलता है. शहद त्वचा के लिए टोनर की तरह काम करता है. ऐसे में दोनों चीजों को मिलाकर लगाने से चेहरे की सफाई और टोनिंग एक साथ हो सकती है. घर पर आसानी से तैयार होने वाला यह मिश्रण त्वचा की देखभाल के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. जिन लोगों की त्वचा रूखी रहती है, वे ओट्स में दूध, मलाई या शहद मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. इन चीजों के साथ तैयार मिश्रण लगाने से त्वचा को नमी मिलती है और चेहरे पर अच्छा ग्लो आ सकता है. रूखी त्वचा वाले लोग अपनी त्वचा के अनुसार इनमें से किसी एक चीज को ओट्स में मिलाकर लगा सकते हैं.
डेड स्किन हटाने में करता है मदद
अनु शर्मा बताती हैं कि ओट्स डेड स्किन हटाने में काफी फायदेमंद है. जब इसे स्क्रब की तरह इस्तेमाल किया जाता है, तो चेहरे की ऊपरी सतह पर मौजूद डेड स्किन हटाने में मदद मिलती है. इससे सतही दाग-धब्बों को कम करने में भी सहायता मिल सकती है. हालांकि, ओट्स से गहरे दाग या त्वचा की अंदरूनी समस्या पूरी तरह ठीक होने की गारंटी नहीं है. इसे चेहरे की सामान्य देखभाल के एक तरीके के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है.