नई दिल्ली. दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बना चुके इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन के लिए ऑक्शन का प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी है कि ऑक्शन के लिए कुल 1,220 खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है. इसमें भारतीय खिलाड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा है. कुल 939 भारतीय क्रिकेटरों ने नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. 281 विदेशी खिलाड़ी भी इस दौड़ में शामिल हैं.
कुछ दिन पहले ही टूर्नामेंट में खेलने वाली सभी 10 टीमों ने अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की थी. फ्रेंचाइजी इस नीलामी के जरिए अपनी टीमों को मजबूत करने की कोशिश करेंगी. टीमों के पास कुल मिलाकर 295.60 करोड़ रुपये का पर्स है. स्क्वॉड में 66 खाली जगहों को भरने के लिए बोली लगेगी. इनमें 25 विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट भी शामिल हैं.
लखनऊ सुपर जायंट्स के पास सबसे ज्यादा पैसा
2027 के ऑक्शन में उतरने वाली टीमों में सबसे ज्यादा पैसे लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) लेकर पहुंचेगी. टीम के पास 47.45 करोड़ रुपये बचे हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) 41.65 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 40.15 करोड़ रुपये का पर्स बचा है. दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास 39.50 करोड़ रुपये और मुंबई इंडियंस (MI) के पास 30.25 करोड़ रुपये बाकी हैं. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बात करें तो टीम के पास 28.05 करोड़ रुपये बचे हैं.
IPL 2027 Auction: सभी 10 टीमों का पूरा हिसाब-किताब
| टीम | खिलाड़ी | विदेशी खिलाड़ी | खर्च (₹ करोड़) | बचा पर्स (₹ करोड़) | खाली स्लॉट | विदेशी स्लॉट |
|---|---|---|---|---|---|---|
| चेन्नई सुपर किंग्स | 19 | 6 | 101.95 | 28.05 | 6 | 2 |
| दिल्ली कैपिटल्स | 16 | 4 | 90.50 | 39.50 | 9 | 4 |
| गुजरात टाइटंस | 22 | 6 | 121.25 | 8.75 | 3 | 2 |
| कोलकाता नाइट राइडर्स | 17 | 5 | 88.35 | 41.65 | 8 | 3 |
| लखनऊ सुपर जायंट्स | 18 | 5 | 82.55 | 47.45 | 7 | 3 |
| मुंबई इंडियंस | 16 | 6 | 99.75 | 30.25 | 9 | 2 |
| पंजाब किंग्स | 19 | 6 | 111.40 | 18.60 | 6 | 2 |
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 20 | 7 | 115.85 | 14.15 | 5 | 1 |
| राजस्थान रॉयल्स | 19 | 5 | 102.95 | 27.05 | 6 | 3 |
| सनराइजर्स हैदराबाद | 18 | 5 | 89.85 | 40.15 | 7 | 3 |
| कुल | 184 | 55 | 1004.40 | 295.60 | 66 | 25 |
गुजरात टाइटंस के पास सबसे कम पर्स
दूसरी तरफ, गुजरात टाइटंस (GT) के पास सबसे कम 8.75 करोड़ रुपये का पर्स बचा है. टीम ने अपने मौजूदा स्क्वॉड पर 121.25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पास 14.15 करोड़ रुपये और पंजाब किंग्स (PBKS) के पास 18.60 करोड़ रुपये बाकी हैं.
किस टीम के पास कितनी खाली जगह?
ऑक्शन से पहले रिलीज किए गए खिलाड़ी की जगह खाली हुई है जिसे भरने टीम टेबल पर बैठेगी. खिलाड़ियों के स्लॉट की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के पास सबसे ज्यादा 9-9 जगह खाली हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के पास 8 स्लॉट हैं, जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 7-7 खिलाड़ियों की जगह खाली है. विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट के मामले में RCB के पास सबसे कम जगह है. टीम केवल एक विदेशी खिलाड़ी को खरीद सकती है. चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के पास दो-दो विदेशी खिलाड़ियों को शामिल करने की जगह है. दिल्ली कैपिटल्स के पास विदेशी खिलाड़ियों के लिए चार स्लॉट खाली हैं.

