Sharad Pawar Hospitalised Again: महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता और NCP (SP) प्रमुख शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। 85 वर्षीय शरद पवार को गुरुवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्हें डिहाइड्रेशन की समस्या होने की आशंका है। पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सुप्रिया सुले पार्टी की अहम बैठक बीच में छोड़कर अस्पताल के लिए रवाना हो गईं।
सुप्रिया सुले ने शरद पवार को लेकर दिया अपडेट
सुप्रिया सुले ने अपने सोशल मीडिया संदेश में बताया कि उनके पिता को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने डिहाइड्रेशन की आशंका जताते हुए कहा कि शरद पवार को अब थोड़ा आराम करने और अपनी यात्राएं कम करने की जरूरत है। सुप्रिया ने अपने संदेश में पिता के काम के प्रति लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबा अपने काम से बहुत प्यार करते हैं और आराम करने की सलाह को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। साथ ही उन्होंने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
मीटिंग छोड़कर अस्पताल रवाना हुईं सुप्रिया सुले
शरद पवार की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के समय सुप्रिया सुले मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय में मौजूद थीं। वहां NCP (SP) के नेताओं की एक अहम बैठक चल रही थी, जिसे प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बुलाया था। बैठक के बीच ही पिता की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। इसके बाद सुप्रिया सुले मीटिंग छोड़कर तुरंत ब्रीच कैंडी अस्पताल के लिए रवाना हो गईं। इस बैठक में पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और आंतरिक विवाद पर चर्चा होनी थी।
एक महीने में दूसरी बार अस्पताल पहुंचे पवार
शरद पवार की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है। नवंबर महीने में इससे पहले भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। 2 नवंबर को सीने में दर्द और सांस संबंधी परेशानी के बाद उन्हें पुणे के रुबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 4 नवंबर को उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। इलाज के बाद 7 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। अब 26 नवंबर को उन्हें एक बार फिर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

