फरीदाबाद: मुसीबत के समय बीमा पॉलिसी लोगों के लिए आर्थिक सहारा बनती है, लेकिन जब जरूरत पड़ने पर बीमा कंपनी क्लेम देने से इनकार कर दे तो लोगों की परेशानी बढ़ जाती है. कई बार जानकारी के अभाव में लोग कंपनी के फैसले को ही अंतिम मानकर चुप बैठ जाते हैं, जबकि कानून में उनके पास शिकायत करने के कई रास्ते मौजूद हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो घबराने की जरूरत नहीं है. फरीदाबाद सेक्टर-12 कोर्ट में बैठने वाले एडवोकेट मोहन तिवारी ने लोकल18 से बातचीत में बताया कि बीमा कंपनी के खिलाफ कहां और किस तरह शिकायत की जा सकती है.
सबसे पहले ब्रांच मैनेजर को दें लिखित शिकायत
एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर बीमा कंपनी आपका क्लेम खारिज करती है तो सबसे पहले अपनी पॉलिसी की शर्तों को देखना जरूरी है. आपके पास पॉलिसी नंबर और पॉलिसी बॉन्ड होना चाहिए. इसके बाद संबंधित बीमा कंपनी के ब्रांच मैनेजर को लिखित शिकायत दें. शिकायत जमा करने के बाद उसकी एक कॉपी अपने पास जरूर रखें, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर इसे सबूत के रूप में इस्तेमाल किया जा सके.
ऑनलाइन पोर्टल पर भी कर सकते हैं शिकायत
मोहन तिवारी बताते हैं कि बीमा कंपनी के खिलाफ ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके अलावा बीमा लोकपाल के पास भी शिकायत करने का विकल्प मौजूद है. लोगों को अपनी शिकायत से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने चाहिए.
शिकायत के लिए इन दस्तावेजों को रखें तैयार
मोहन तिवारी बताते हैं कि शिकायत करते समय पॉलिसी नंबर, पॉलिसी बॉन्ड की कॉपी और बीमा से जुड़े जरूरी कागजात होने चाहिए. पॉलिसी बॉन्ड में बीमा की अवधि, प्रीमियम जमा करने की तारीख, नियम और शर्तों की जानकारी दी होती है. इसलिए इसे संभालकर रखना बेहद जरूरी है.
सुनवाई नहीं हो तो उपभोक्ता अदालत जाएं
मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर ब्रांच मैनेजर या संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं होता है तो उपभोक्ता अदालत का दरवाजा खटखटाया जा सकता है. इसके लिए पहले की गई सभी शिकायतों की कॉपी और उनसे जुड़े सबूत अपने पास रखने चाहिए.
बीमा लोकपाल के पास कब करें शिकायत
मोहन तिवारी बताते हैं कि बीमा कंपनी के आंतरिक शिकायत तंत्र से समाधान नहीं मिलने पर बीमा लोकपाल के पास शिकायत की जा सकती है. इसके लिए पहले की गई शिकायतों और कंपनी के जवाब का रिकॉर्ड रखना जरूरी है.
क्लेम खारिज होने की वजह जानना जरूरी
मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर कंपनी क्लेम खारिज करती है तो सबसे पहले उससे लिखित में इसकी वजह पूछें. यह भी पता करें कि क्लेम पूरी तरह खारिज हुआ है या कुछ राशि ही रोकी गई है. कंपनी के फैसले और पॉलिसी की शर्तों से जुड़े दस्तावेज लेकर उपभोक्ता अदालत में शिकायत की जा सकती है.

