एक दिन पहले ही विश्व बैंक ने बढ़ाया था देश की जीडीपी विकास दर का अनुमान
India GDP Growth Rate (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : विपरीत हालात और वैश्विक चुनौतियों से पार पाते हुए भारत की अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन कर रही है। यही कारण है कि देश के साथ-साथ विश्व की सभी प्रमुख रेटिंग एजेंसियां इसकी जीडीपी दर को लेकर सकारात्मक अनुमान लगा रही हैं। एक दिन पहले जहां विश्व बैंक ने भारत की अर्थव्यवस्था के विकास का अनुमान बढ़ाया था वहीं अब एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने भी इसे बेहतर रेटिंग देते हुए इसका अनुमान बढ़ा दिया है।
एशियाई विकास बैंक की ताजा एशियन डेवलपमेंट आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.9% रहने का अनुमान है, जो अगले वित्त वर्ष 2027-28 में बढ़कर 7.3% तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि मजबूत बनी रहेगी।
इसलिए एडीबी ने भारत की विकास दर बढ़ाई
एडीबी के मुताबिक, इस वृद्धि के पीछे मजबूत घरेलू मांग, आसान वित्तीय स्थितियां और भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ में कमी जैसे अहम कारक होंगे। साथ ही, सरकारी सुधार, निवेश में बढ़ोतरी और यूरोपीय संघ के साथ संभावित व्यापार समझौते भी आने वाले समय में अर्थव्यवस्था को गति देंगे।हालांकि रिपोर्ट में कुछ जोखिमों की भी ओर इशारा किया गया है। खासतौर पर मध्य पूर्व में जारी तनाव भारत की अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी, व्यापार आपूर्ति में बाधा और विदेशों से आने वाले रेमिटेंस पर दबाव पड़ने की आशंका है।
महंगाई छू सकती है 4.5 प्रतिशत का आंकड़ा
महंगाई के मोर्चे पर एडीबी का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में यह बढ़कर 4.5% तक पहुंच सकती है, जबकि पिछले वर्ष यह 2.1% थी। इसके पीछे खाद्य कीमतों में उछाल, वैश्विक तेल कीमतों में तेजी, रुपये की कमजोरी और कीमती धातुओं की कीमतों में वृद्धि जैसे कारण बताए गए हैं। हालांकि अगले वित्त वर्ष में महंगाई घटकर 4% रहने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : LPG Crisis in India : पांच सप्ताह में चार लाख एलपीजी कनेक्शन पीएनजी में बदले

