कहा, कोयला और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही
Coal Stock in India (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत सरकार ने एक बार फिर से देशवासियों को आश्वस्त किया है कि देश में ऊर्जा के पर्याप्त भंडार हैं और देश में किसी तरह की कोई आपात स्थिति नहीं है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर के साथ ही होर्मुज स्ट्रेट खुल चुका है और वहां पर फंसे भारत के अन्य जाहाज जल्द ही गैस और तेल लेकर देश में पहुंच जांएगे।
जिससे स्थिति और भी ज्यादा सामान्य हो जाएगी। वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और ऊर्जा आपूर्ति शृंखला में आ रही रुकावटों के बीच अंतर मंत्रालयी प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र ने साफ किया है कि भारत में ऊर्जा संसाधनों की कोई कमी नहीं है। एक ओर जहां कोयला और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है, वहीं दूसरी ओर, विदेश में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार का यह आधिकारिक बयान अर्थव्यवस्था और बाजार के लिए एक सकारात्मक संकेत है। आइए जानते हैं सरकार की ओर से क्या-क्या कहा गया।
कोयला उत्पादन और बिजली आपूर्ति
कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजीव कुमार कस्सी ने देश में बिजली उत्पादन को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि देश की खदानों और बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार मौजूद है, जिससे उपभोक्ताओं को बहुत ही कम समय के नोटिस पर कोयले की आपूर्ति की जा सकती है। देश की कुल ऊर्जा जरूरतों का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा आज भी कोयला आधारित बिजली से पूरा होता है। कस्सी ने बताया कि बिजली उत्पादन क्षमता में कोई कमी नहीं है क्योंकि कोयले का उत्पादन उसकी खपत के स्तर के साथ पूरी तरह से तालमेल बिठाकर चल रहा है।
पेट्रोलियम, डीजल और एलपीजी की मजबूत स्थिति
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) के भंडार और आपूर्ति की विस्तृत जानकारी दी। रिफाइनरियां अपनी पूर्ण क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल की पर्याप्त उपलब्धता के कारण पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। घरेलू जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी के तहत उर्वरक संयंत्रों को लगभग 95 प्रतिशत गैस की आपूर्ति की जा रही है।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 3200 रुपए महंगा, चांदी 11 हजार रुपए उछली

