जम्मू में भारी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को खराब मौसम के चलते श्री माता वैष्णो देवी जी की यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। सुबह से ही त्रिकुटा पर्वतों पर लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते यात्रा मार्ग पर मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
खराब मौसम को लेकर एडवाइजरी
मौसम विभाग की ओर से भी खराब मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को अगले आदेश तक रोकने का फैसला लिया है।
श्रद्धालुओं से आगे न बढ़ने की अपील
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे फिलहाल यात्रा के लिए आगे न बढ़ें और यात्रा दोबारा शुरू होने से संबंधित आधिकारिक सूचना का इंतजार करें। मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

