Haryana News: हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने झज्जर जिला के गांव मुनीमपुर में कुएं में जहरीली गैस के कारण चार लोगों की हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. अरविंद कुमार शर्मा गुरुवार को गांव मुनीमपुर पहुंचे और हादसे में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार की ओर से मिलने वाली सभी पात्र सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि गांव मुनीमपुर में एक बछड़े को बचाने के प्रयास के दौरान कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई थी।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि बंद कुओं, सीवर, टैंक अथवा अन्य संकरे स्थानों में बिना सुरक्षा उपकरणों और गैस परीक्षण के प्रवेश करना अत्यंत जोखिम भरा होता है। ऐसे स्थानों में जहरीली गैस की मौजूदगी कई बार दिखाई नहीं देती, लेकिन कुछ ही क्षणों में जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी कुएं, टैंक या सीवर में कोई व्यक्ति अथवा पशु फंस जाए तो बिना सुरक्षा उपाय अपनाए स्वयं अंदर उतरने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशासन, दमकल विभाग, पुलिस अथवा संबंधित बचाव एजेंसियों को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से राहत एवं बचाव कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान बेहद जरूरी है।

