नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में धमाकेदार खेल दिखाते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया. मैच के दौरान उन्होंने पहले कातिलाना गेंदबाजी की और फिर मुश्किल में आकर अर्धशतकीय पारी खेल डाली. अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे मैच में इतिहास रच दिया. भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट से हरा सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की. इस जीत के साथ भारतीय टीम यूके दौरे पर अपनी पहली जीत दर्ज करने में सफल रही. 32 साल के अक्षर पटेल ने हाल के खराब फॉर्म से वापसी करते हुए कमाल का प्रदर्शन किया. उन्होंने गेंदबाजी में 4 विकेट लिए और बल्लेबाजी में अर्धशतक जड़कर मैच पलट दिया.
गेंदबाजी में धमाल, इंग्लैंड 258 पर सिमटा
अक्षर पटेल ने जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार के बाद आकर इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम को बर्बाद कर दिया. उन्होंने 9.5 ओवर में 62 रन खर्च किए और चार सफलता हासिल की. अक्षर पटेल ने लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जोश टंग का विकेट चटकाया. उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड की पूरी टीम 258 रनों पर ऑलआउट हो गई.

बैटिंग क्रम में नंबर 7 पर उतरे अक्षर पटेल ने टीम को मुश्किल हालात से निकाला. शुभमन गिल रिटायर्ड हर्ट होने के बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल के तेजी से आउट होने के बाद अक्षर ने संभाला. अर्धशतक लगाकर भारत को जीत तक पहुंचाया.
अक्षर पटेल इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ ODI मैच में 4 विकेट लेने के साथ अर्धशतक बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी और दूसरे स्पिनर बन गए हैं. इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दो खिलाड़ी भारत के हार्दिक पांड्या और न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र हैं. अक्षर 30 साल की उम्र के बाद यह कारनामा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया.
इंग्लैंड में पिछले 54 सालों में खेले गए 512 वनडे मैचों में यह दुर्लभ डबल (4+ विकेट और 50+ रन) हासिल करने वाले अक्षर सिर्फ 10वें खिलाड़ी हैं. उनसे पहले यह कारनामा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी पूर्व भारतीय कोच डंकन फ्लेचर थे, जिन्होंने 1983 विश्व कप में जिम्बाब्वे के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी. इंग्लैंड की होम टीम की तरफ से यह उपलब्धि सिर्फ तीन बार हासिल हुई है. पॉल कोलिंगवुड (दो बार) और रॉनी इरानी (एक बार).

