Jammu & Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने बुधवार को कुलगाम में पांच आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 पिस्तौल, 3 मैगजीन, 40 राउंड (9 एमएम) और 3 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर विशेष अभियान
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि कुलगाम पुलिस, 9 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर कुलगाम जिले के खेरवन चद्दर इलाके में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान आतंकी संगठनों के पांच मददगारों को गिरफ्तार किया गया।
ये थे आतंकियों के मददगार
गिरफ्तार किए गए लोगों में तजम्मुल हुसैन मीर निवासी गुफबल, रहमत अली नाइकू निवासी खेरवन, तहरीम अहमद भट निवासी खेरवन, मंजूर अहमद भट निवासी खेरवन चद्दर और किफायत अहमद डार निवासी मलताल्हामा, कुलगाम शामिल हैं।
मंसूबों पर फिरा पानी
प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षाबलों की समय रहते कार्रवाई से क्षेत्र में शांति भंग करने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के आतंकियों के नापाक मंसूबों पर पानी फिर गया है। इतनी बड़ी मात्रा में असलहों की बरामदगी और गिरफ्तारियां इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और ओजीडब्ल्यू ईकोसिस्टम को करारा झटका है। कुलगाम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

