Bihar Politics: आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बड़ा संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि 2024 के लिए पूरा विपक्ष एकजुट हो जाए। उन्होंने कहा- हम रहें न रहें लेकिन जो 2014 में आए वो 2024 में नहीं रहेंगे। नीतीश कुमार ने बीजेपी पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा-‘ 2015 में जब हम महागठबंधन में लड़े थे तो सीटों की क्या स्थिति थी और 2020 में चुनाव लड़े तो क्या स्थिति रही, ये तो सबके सामने है।’
नीतीश कुमार ने आठवीं बार ली सीएम की शपथ
नीतीश कुमार ने आज आठवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने दूसरी बार उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राजद, उस महागठबंधन का नेतृत्व कर रही है, जिसने मंगलवार को कुमार को अपना नेता चुना था। जदयू और राजद के अलावा नए मंत्रिमंडल में कांग्रेस के नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है। वामपंथी दलों भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने बाहर से नई सरकार का समर्थन करने का इरादा व्यक्त किया है।