नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS लीडर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है. 11 सितंबर 2026 को इसका भव्य आयोजन किया जाएगा. इस दिन के लिए दिल्ली सरकार और केंद्र की तरफ से खास निर्देश जारी किए गए हैं. दिल्ली और नई दिल्ली स्थित सभी कार्यालय बंद रहेंगे. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय की तरफ से गुरुवार को इसे लेकर एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया है.
गुरुवार को आदेश जारी करते हुए 18वें BRICS सम्मेलन की जानकारी दी गई. दिल्ली में इस दिन छुट्टी की घोषणा की गई है. सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे. सरकार के मुताबिक यह फैसला इंटरनेशनल लेवल के इस बड़े आयोजन की व्यापकता, सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्था को देखते हुए लिया गया है. इसके पीछे की बड़ी वजह BRICS में आने वाले विदेशी मेहमानों की वजह से किसी किसी आम नागरिक को परेशानी ना हो इसे बताया जा रहा है. इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में भाग लेने विदेश से लीडर्स आएंगे और उनके लिए विशेष प्रबंध किया जाएगा. ऐसे में सड़क और मार्ग प्रभावित हो सकता है. आयोजन स्थल के आस पास भी सुरक्षा की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
Delhi LG has declared a holiday on 11th September 2026 in view of BRICS Summit pic.twitter.com/aaJKS9wWvp
— ANI (@ANI) September 3, 2026
अगले हफ्ते 11 सितंबर को BRICS लीडर्स समिट के आयोजन को देखते हुए दिल्ली सरकार अपने सभी सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला लिया है. इतना ही नहीं सरकारी संस्थानों और सरकारी कंपनियों में भी छुट्टी की घोषणा कर दी गई है. ऐसे में शुक्रवार को राजधानी में केंद्र और दिल्ली सरकार से जुड़े ज्यादातर ऑफिस बंद रहेंगे.
दिल्ली में शुक्रवार, 11 सितंबर को तमाम सरकारी संस्थानों को भी बंद रखने का आदेश दिया गया है. ऐसे में सरकारी स्कूल, कॉलेज और बैंक की भी इस दिन छुट्टी होगी.
दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 के बीच होने वाले BRICS Summit (भारत मंडपम, प्रगति मैदान) के दौरान सड़कों पर वीवीआईपी आवाजाही की वजह से भारी डायवर्जन देखने को मिलेगा. सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए निर्देश है कि वो भारत मंडपम, प्रगति मैदान से आस पास से गुजरने से बचें. दिल्ली पुलिस की तरफ से सड़क यात्रा से बचने का निर्देश जारी किया है. बात करें Delhi Metro में यात्रा करने वालों की तो मेट्रो सेवाएं सभी रूट्स पर पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से चालू रहेंगी. किसी भी वीवीआईपी मूवमेंट या रिहर्सल के दौरान मेट्रो की टाइमिंग या लाइनों को लेकर कोई रोक की जानकारी नहीं दी गई है. फिर भी सुप्रीम कोर्ट और मंडी हाउस के आस पास यात्रा करने से बचें.
BRICS लीडर्स समिट की वजह से 11 सितंबर शुक्रवार को केंद्र सरकार ने दिल्ली और नई दिल्ली के तमाम केंद्रीय सरकारी ऑफिस के बंद रखने का ऐलान किया है. इस घोषणा के बाद सरकारी ऑफिस में काम करने वालों को तीन दिन की छुट्टी मिल जाएगी. 11 तारीख को छुट्टी की घोषणा हुई है जबकि 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार का दिन होगा. ऐसे में दिल्ली में काम करने वाले केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए लगातार तीन दिनों का अवकाश रहेगा.
BRICS बिजनेस फोरम और 18वां BRICS लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है. इसमें तकरीबन दुनियाभर से 30 BRICS सदस्य और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ के आने की उम्मीद है. वहीं इंटरनेशनल संगठनों के प्रमुख और BRICS देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.

