BRICS Summit 2026 Begins in Delhi: राजधानी दिल्ली आज कूटनीति के बड़े केंद्र में तब्दील होने जा रही है। भारत की मेजबानी में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का औपचारिक आगाज शनिवार से नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में BRICS सदस्य देशों के शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत दुनिया के कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी इस सम्मेलन को खास बना रही है। भारत की अध्यक्षता में हो रहे सम्मेलन का फोकस वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, आर्थिक सहयोग, तकनीकी नवाचार और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं पर रहने की उम्मीद है।
आज मोदी-जिनपिंग मुलाकात पर निगाहें
सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई विदेशी नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें प्रस्तावित हैं। इनमें सबसे ज्यादा नजरें शाम की प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बैठक पर होंगी। शनिवार शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में मोदी और जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री कई अन्य नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की बातचीत पहले ही शुरू हो चुकी है। ब्रिक्स सम्मेलन में चीन और रूस जैसे प्रमुख सदस्य देशों के साथ भारत के संबंधों के अलावा वैश्विक आर्थिक और भू-राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा अहम रहने वाली है। सम्मेलन से पहले ही BRICS घोषणा-पत्र में आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख, वैश्विक संस्थाओं में सुधार और बहुपक्षवाद को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिशें सामने आई हैं।
शनिवार को क्या-क्या होगा? पूरा शेड्यूल
पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई द्विपक्षीय बैठकों के साथ BRICS नेताओं का औपचारिक कार्यक्रम शुरू होगा।
सुबह 10:00 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली के साथ बैठक।
सुबह 10:30 बजे: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय बैठक।
सुबह 11:00 बजे: अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात।
सुबह 11:30 बजे: वियतनाम के नेता ले मिन्ह हंग के साथ बैठक।
सुबह 11:30 बजे: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ बैठक।
दोपहर 2:00 बजे: BRICS सदस्य देशों के नेताओं का भारत मंडपम के लेवल-2 पर आगमन।
दोपहर 2:35 बजे: इन्क्लूसिव ग्लोबल गवर्नेंस एंड स्ट्रेंथनिंग मल्टीलेटरलिज्म विषय पर सदस्य देशों का सत्र।
शाम 4:25 बजे: BRICS सदस्य देशों के नेता भारत मंडपम के हॉल-14 में Bharat Innovates Exhibition का अवलोकन करेंगे।
शाम 5:05 बजे: नेताओं की फैमिली फोटो।
शाम 5:10 बजे: संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम।
शाम 5:45 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की द्विपक्षीय बैठक।
रात 7:30 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी में भारत मंडपम के लेवल-3 पर गाला डिनर।
रविवार को भी अहम रहेगा BRICS का एजेंडा
रविवार को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का दूसरा और अहम दिन होगा। नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन BRICS के पार्टनर देशों और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ चर्चा का दायरा और व्यापक होगा। भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक शासन व्यवस्था में सुधार, आर्थिक सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, तकनीक और ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दे प्रमुख एजेंडे में हैं। सुबह करीब 9:55 बजे पार्टनर और आमंत्रित देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे, इसके बाद करीब 10:35 बजे फैमिली फोटो और 10:50 बजे ओपन सेशन होगा, जहां BRICS नेता वैश्विक चुनौतियों और समावेशी विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।

