24 यात्री घायल कई की हालत गंभीर, बस में सवार थे 52 यात्री
UP Road Accident (द भारत ख़बर), उन्नाव : उत्तर प्रदेश में हुए एक दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। जबकि 24 यात्री घायल हो गए। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है और उनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मरने वालों में एक यूपी पुलिस के दरोगा भी हैं।
वहीं जो यात्री घायल हुए हैं उनमें तीन यूपी पुलिस के जवान शामिल हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह पांच बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर बस के पलटने से हुआ। जानकारी के अनुसार यह बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। प्राथमिक जांच में इस हादसे के पीछे बस की तेज रफ्तार रही। बताया जा रहा है कि बस पलटने के बाद भी करीब 100 मीटर सड़क पर घिसटती चली गई।
यह बताया जा रहा हादसे का कारण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। करीब आधे घंटे बाद यूपीडा कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 24 घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि कुछ घयल यात्रियों की हालत गंभीर होने से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पीड़ित परिवारों को दिया जाएगा मुआवजा : सीएम
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में हुईं मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने अधिकारियों को दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए कहा है। कहा कि मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Quad Summit : वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन की मजबूती जरूरी : जयशंकर

