
Haryana News: हरियाणा में सोनीपत जिले के गांव भटगांव स्थित धर्मार्थ गोशाला परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय गोशाला चारा अनुदान वितरण समारोह प्रदेशभर की गोशालाओं के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
समारोह में मोहन लाल बड़ोली, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मंत्री रणबीर गंगवा, मंत्री अरविंद शर्मा, सोनीपत विधायक निखिल मदान, गन्नौर विधायक देवेन्द्र कादियान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा और पूर्व मेयर राजीव जैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और गोसेवा से जुड़े संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया। सीएम ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
602 गोशालाओं को 68.34 करोड़ रुपये की अनुदान राशि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में घोषणा की कि प्रदेश की 602 पंजीकृत गोशालाओं के लिए 68 करोड़ 34 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि गोमाता की सेवा भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है और सरकार गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सोनीपत की 27 गोशालाओं को 5.60 करोड़ रुपये
सीएम ने बताया कि सोनीपत जिले की 27 पंजीकृत गोशालाओं को 5 करोड़ 60 लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले सवा 11 वर्षों में प्रदेश की गोशालाओं को 525 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक मदद दी जा चुकी है, जो सरकार की दीर्घकालिक नीति को दर्शाता है।
2014 के बाद बढ़ी गोशालाओं की संख्या
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2014 तक प्रदेश में 215 पंजीकृत गोशालाएं थीं, जिनमें करीब 1 लाख 75 हजार गोवंश था। वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 697 पंजीकृत गोशालाओं तक पहुंच गई है, जहां लगभग 4 लाख बेसहारा गोवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया।
2026-27 तक सभी गोशालाएं होंगी सौर ऊर्जा आधारित
सीएम ने कहा कि प्रदेश की 330 गोशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। लक्ष्य है कि वर्ष 2026-27 तक सभी पंजीकृत गोशालाओं को सौर ऊर्जा आधारित बनाया जाए। साथ ही गोशालाओं को मात्र 2 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

