नई दिल्ली. दिल्ली के एक नाइटक्लब में मामूली सी घटना ने एक इंसान की जान ले ली. मामला बीयर गिरने को लेकर शुरू हुआ था और बड़े विवाद में बदल गया. एक महिला के क्लब में बीयर गिरने के बाद हुए झगड़े शुरू हुआ. इसके बाद बाउंसरों और वेटरों ने एक ड्राइवर और उसके दोस्त के साथ मारपीट की. इस घटना में ड्राइवर की मौत हो गई.
क्या कोई सोच सकता है कि बीयर गिराने के मामले में विवाद इतना बड़ा हो जाए कि किसी को जान से हाथ धोना पड़े. मामला दिल्ली के एक नाइट क्लब का है. एक महिला पर बीयर गिर गया. इसे लेकर 29 साल के ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की गई. क्लब के बाउंसर ने वेटर के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया और गंभीर रूप से घायल दलजीत की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
पुलिस को बताया कि यह घटना शनिवार देर रात सराय रोहिल्ला की है. पास के थाना क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब का यह मामला बताया जा रहा है. रघुवीर नगर का रहने वाला दलजीत अपने दोस्तों के साथ क्लब में गया था. वहां उसके एक दोस्त की बीयर कथित तौर पर एक महिला पर गिर गई. इसे लेकर वहीं झगड़ा शुरू हुआ. जानकारी के मुताबिक बीयर गिरने को लेकर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे बढ़ गई.
आरोप है कि इसके बाद क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि दलजीत की ओर से माफी मांगने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारपीट में क्लब के कुछ वेटर भी शामिल हो गए. आरोप है कि दलजीत और उसके दोस्तों को डंडों तथा कांच की बोतलों से पीटा गया. इस दौरान दलजीत को गंभीर चोटें आईं.
नाइट क्लब में हुई इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि जब मामला बिगड़ा तो मृतक वहीं से अपने दोस्त के साथ बचकर निकलना चाहते थे. दलजीत और उसके दोस्तों ने माफी मांगी थी और वहां से निकलकर बचने की कोशिश की. आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें वापस अंदर खींच लिया. दोबारा मारपीट की. इस हमले में दलजीत की हालत सबसे ज्यादा गंभीर हो गई. इसके बाद उसके दोस्त उसे रघुवीर नगर स्थित घर लेकर पहुंचे. बताया जाता है कि घर के दरवाजे पर ही दलजीत गिर पड़ा. परिजन और दोस्त उसे तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

