जीडीपी के नवीनतम संशोधित आंकड़ों से हुआ स्पष्ट
Business News Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : वर्तमान समय में न केवल हमारा देश आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहा है बल्कि यह स्मृद्धि आम लोगों के जीवन में भी आ रही है। गत दिवस जारी किए गए जीडीपी के नवीनतम संशोधित आंकड़ों से यह बात स्पष्ट हो गई है। जारी किए नवीनतम आंकड़ों की बात करें तो वर्तमान वित्त वर्ष में देश में प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय 1,92,774 रुपये आंकी गई है।
वहीं देश शुद्ध राष्ट्रीय आय 271.44 लाख करोड़ रुपए है। देश में प्रति व्यक्ति शुद्ध राष्ट्रीय आय वर्ष 2022-23, 2023-24 के लिए क्रमश: 1,59,557 रुपये व 1,76,465 रुपये है। जहां तक बचत की बात है, तो वर्ष 2024-25 में सकल बचत 111.13 लाख करोड़ रुपये थी। 2024-25 में सकल बचत में प्रमुख हिस्सेदारी घरेलू क्षेत्र की 62.1% तथा गैर-वित्तीय निगमों की 28.9% है।
वास्तविक जीडीपी 322.58 लाख करोड़ का अनुमान
वास्तविक जीडीपी या स्थिर कीमतों पर जीडीपी का स्तर वित्त वर्ष 2025-26 में 322.58 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी का प्रथम संशोधित अनुमान (एफआरई) 299.89 लाख करोड़ रुपये था। यही नहीं, बचत के मोर्चे पर मजबूती दिखी है। इस कारण निवेश और पूंजी निर्माण के लिए घरेलू संसाधन आधार मजबूत हुआ है। आने वाले वक्त में कई देशों के साथ हुए व्यापार समझौते व घरेलू मांग के कारण निर्माण में बढ़ोतरी होगी। उपभोग व निर्यात में भी उछाल आने के आसार हैं।
जीवीए में इसलिए आई वृद्धि
वर्ष 2024-25 में वास्तविक सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में वृद्धि मुख्यत: विनिर्माण, खनन, निर्माण, वित्तीय सेवाएं तथा रियल एस्टेट, आवास स्वामित्व एवं व्यावसायिक सेवाओं में वृद्धि के कारण हुई। वर्तमान कीमतों पर सरकारी अंतिम उपभोग व्यय (जीएफसीई) का अनुमान 2024-25 के लिए 33.95 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वर्ष 2023-24 में यह 30.74 लाख करोड़ रुपये था।
प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में 18 फीसदी उछाल
वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच चालू वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-दिसंबर अवधि में देश में 18 फीसदी अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आया।?एफडीआई प्रवाह का यह आंकड़ा बताता है कि वैश्विक बाजार में चुनौतियों और कई देशों में तनाव के बीच विदेशी निवेशकों में भारत को लेकर भरोसा कामय है। सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-दिसंबर, 2025 में देश में 47.87 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी आया, जो सालाना आधार पर 18 फीसदी की वृद्धि को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें : India-Canada Trade Deal : भारत और कनाडा में इसी साल होगा व्यापार समझौता : मार्क कार्नी

