पीतमपुरा. दशहरे का जश्न दिल्ली के एक परिवार को लिए मातम में बदल गया. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पीतमपुरा के इलाके में चाकूबाजी की घटना सामने आई है. इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर विवाद हुआ. कुछ युवकों ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. इस घटना में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र अरुण की मौत हो गई.
आशु नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामले में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है. यह घटना उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा स्थित एफपी ब्लॉक की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था. जुलूस में बड़ी संख्या में लोग डीजे की धुन पर नाचते-गाते शामिल हो रहे थे. जो लोग वहां मौजूद थे उन्होंने बताया, इसी भीड़ में मास्क पहने चार से पांच युवक शामिल हो गए. बताया जा रहा है कि आशु का इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट को लेकर कुछ युवकों से पहले से विवाद चल रहा था. आरोप है कि विसर्जन जुलूस के दौरान हमलावरों ने आशु को घेर लिया और उस पर चाकू से हमला कर दिया.
आशु पर हमला होते देख उसका दोस्त अरुण बीच-बचाव करने पहुंचा. आरोप है कि हमलावरों ने अरुण पर भी चाकू से कई वार किए. वारदात के बाद आरोपी कथित तौर पर भीड़ में शामिल होकर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद विसर्जन जुलूस में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया. आशु का इलाज जारी है.
मृतक की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा का छात्र था. परिजनों के मुताबिक अरुण शाम को घर से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन देखने के लिए निकला था. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि इस दौरान हुई घटना में उनकी बेटे की जान चली जाएगी. अरुण की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है. दोस्त को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे छात्र की मौत से इलाके के लोग भी दुखी हैं.
पुलिस के मुताबिक, मौर्य एंक्लेव थाने को एफपी ब्लॉक में चाकूबाजी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. इस मामले में चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी नाबालिग हैं और एक ही इलाके के रहने वाले हैं. मामले में हत्या और हत्या के प्रयास से संबंधित केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस घटना के पीछे के विवाद और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

