- शिक्षा मंत्री ने भारत के विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक खेल इनफ्लुएंसर, मीडिया प्रतिनिधियों, फिटनेस कोच और अर्जुन अवॉर्डी से सीधा संवाद किया
- 30,000 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य
- 17 स्टेडियमों में होंगे आयोजन
Delhi News | द भारत ख़बर नेटवर्क | नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व एवं ‘खेलो इंडिया’ की तर्ज पर ‘खेलो दिल्ली – दिल्ली खेल महाकुंभ’ का 13 फरवरी 2026 से आयोजन किया जा रहा है। यह दिल्ली के खेल इतिहास की एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से राजधानी में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार दिल्ली में 13 फरवरी 2026 से आयोजित होने वाले दिल्ली खेल महाकुंभ के संबंध में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। मीडिया प्रतिनिधियो के अलावा संवाद कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 50 खेल इनफ्लुएंसर, अर्जुन अवॉर्डी, फिटनेस कोच आदि ने भी भाग लिया।
खेल महाकुंभ में 7 खेलों का आयोजन होगा : सूद

सूद ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मंच और अवसर प्रदान करने की है। दिल्ली सरकार द्वारा खेल महाकुंभ में सात प्रमुख खेलों का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली खेल महाकुंभ के अंतर्गत प्रारंभिक चरण में सात प्रमुख खेलों जैसे एथलेटिक्स, फुटबॉल, रेसलिंग, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी एवं अन्य चयनित स्पधार्ओं का आयोजन किया जाएगा।
इन खेलों का आयोजन दिल्ली के 17 प्रमुख स्टेडियमों में किया जाएगा, जिनमें छत्रसाल स्टेडियम, बाबाना, नजफगढ़, विकासपुरी, दक्षिणी दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं। सूद ने आगे कहा की कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन कल छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा किया जाएगा। जहां उद्घाटन मार्च-पास्ट का नेतृत्व दिल्ली के पैरा एथलीट करेंगे।
16 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
सूद ने कहा की खेल महोत्सव का उद्देश्य व्यापक भागीदारी कर बड़ा लक्ष्य हासिल करना है। अब तक 16 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है और यह प्रक्रिया जारी है। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि एक माह तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में 30,000 से अधिक खिलाड़ी भाग लें। आगामी वर्षों में इसे बढ़ाकर प्रति वर्ष 1 लाख से अधिक खिलाड़ियों को ग्रासरूट स्तर पर जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि खेल महोत्सव में महिलाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का एक प्लेटफार्म मिलेगा । महिलाओं की सेफ्टी का भी विषय ध्यान रखा जाएगा । महिलाओं के खेलों में भागीदार होने से अन्य महिलाओं पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और वह भी खेलों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगी।
मंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन सिखाता है और उन्हें नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस आयोजन के माध्यम से न केवल प्रतिभाओं की पहचान ही नही होगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में ठोस प्रयास किए भी जाएंगे।
खेल महोत्सव से दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा नया आयाम
सूद ने आगे बताया की इस खेल महोत्सव से दिल्ली में इंफ्रास्ट्रक्चर को नया आयाम भी मिलेगा। दिल्ली के विभिन्न स्टेडियमों में प्रतियोगिताओं के आयोजन से खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन भी होगा। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को आश्वस्त किया है कि आने वाले समय में खेल सुविधाओं को और अधिक आधुनिक एवं विश्वस्तरीय बनाया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया की इस प्रतियोगिता के लिए दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिखर धवन को दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है, ताकि युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिले और खेलों के प्रति उत्साह बढ़े।
मंत्री ने संवाद कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे खेलों को सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करें और इस महाकुंभ के विभिन्न आयोजनों को व्यापक रूप से प्रसारित करें, ताकि दिल्ली के हर कोने तक खेल का संदेश पहुंचे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार के इस प्रयास से राजधानी में एक सशक्त खेल संस्कृति और विश्वस्तरीय खेल संस्कृति विकसित होगी, जिससे आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दिल्ली की मेडल टैली में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
Parliament Budget Session Updates: राहुल गांधी के खिलाफ आज विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव ला सकती है भाजपा

