नई दिल्ली. रविवार को दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में एक PG बिल्डिंग के ढहने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. राहत बचाव का काम लगातार जारी है. ऐसे में सामने आया एक वीडियो चर्चा में है. मलबे में फंसे एक छात्र का वीडियो सामने आया है. धूल से चेहरा ढका था, शरीर पर खून के निशान थे और चारों तरफ कंक्रीट फैला था. ऐसी मुश्किल घड़ी में भी उसने हिम्मत नहीं हारी. उसने फोन उठाकर वीडियो कॉल के जरिए मदद की गुहार लगाई.
दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद सामने आए वीडियो ने इसे देखने वालों को अंदर तक झकझोर दिया. जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसमें एक छात्र मलबे के बीच फंसा हुआ है. हर तरफ सिर्फ मलबा दिख रहा है और उसके बाहर हाने की हिम्मत नहीं हो रही. ऐसे हालात जहां लोग घबरा जाएं और हिम्मत जवाब दे दे उसने अपनी सूझबूझ से काम लिया. बड़ी मुश्किल से उसने अपना मोबाइल हाथ में लिया और वीडियो बनाना शुरू किया.
दिल्ली मोतीबाग पीजी बिल्डिंग हादसे मैं मलबे में फंसे बच्चे ने अपना वीडियो बना कर मदद मांगी । बच्चे की हिम्मत को सलाम, ज़िंदगी की सलामती के लिए दुआएँ 🙏#Delhi #DelhiBuildingCollapsed pic.twitter.com/rCwzIswza4
— Peenaaz Tyagi (@peenaz_tyagi) September 6, 2026
मलबे में दबे होने की वजह से वो कुछ बोल नहीं पा रहा था लेकिन उसने लोगों तक अपनी बात पहुंचा दी. छात्र के गले से आवाज नहीं निकल रही थी. आसपास सिर्फ मलबा और अंधेरा नजर आ रहा था. उसने कैमरे के जरिए अपनी स्थिति लोगों तक पहुंचाई. उसने वीडियो बाहर भेजा और मदद मांगने की कोशिश की.
करीब 11 सेकंड की वीडियो में छात्र ने मलबे के नीचे की तस्वीर सबको दिखाई. उसने फोन का कैमरा घुमाकर आसपास का दिल दहला देने वाला दृष्य सबको दिखाया. बताया जा रहा है कि छात्र का नाम आदित्य है. वह आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र है. उसका वीडियो सामने आने के बाद रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला. आदित्य को अस्पताल में भर्ती कराया फिलहाल उसकी हालत स्थित है. जानकारी के मुताबिक इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है. यह घटना जब हुई तो बिल्डिंग में 40 से 50 छात्रों के मौजूद होने की संभावना जताई गई. बताया जा रहा है कि यह तकरीबन 50 साल पुरानी इमारत है. इसे ‘होस्टल डेज’ के नाम से जाना जाता है. लड़कों के PG के रूप में इस्तेमाल हो रही थी.

