नई दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में इस समय चुनावी माहौर है और कुछ नतीजे भी सामने आने लगे हैं. यूनिवर्सिटी के कई कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. कॉलेज स्तर पर हुए चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने का दबदबा देखने को मिला है. कई महत्वपूर्ण पदों पर पार्टी ने जीत दर्ज की है. इन नतीजों को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के चुनाव परिणामों से अलग समझना जरूरी है. DUSU के विश्वविद्यालय स्तर के चार प्रमुख पदों के लिए मतगणना 19 सितंबर को निर्धारित है.
दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले कुछ कॉलेज के नतीजे सामने आए हैं. कॉलेजवार नतीजों के मुताबिक ABVP ने अदिति महाविद्यालय, श्री अरबिंदो कॉलेज (मॉर्निंग), डॉ. बीआर अंबेडकर कॉलेज, भारती कॉलेज और शिवाजी कॉलेज में चारों प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है. वहीं बात करें दूसरे कॉलेज की तो रामजस कॉलेज में भी ABVP उम्मीदवारों ने कई अहम पद अपने नाम किए. संगठन ने अध्यक्ष, सचिव, सेंट्रल काउंसलर और इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी के पदों पर इस छात्रसंघ ने अपना दबदबा कायम किया है.
श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज के आए नतीजे की बात करें तो ABVP ने अध्यक्ष और सेंट्रल काउंसलर का पद जीता है. केशव महाविद्यालय में ABVP उम्मीदवारों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के पदों पर जीत हासिल की. इस तरह कॉलेज स्तर के चुनावों में संगठन को कई महत्वपूर्ण पद मिले हैं.
ABVP के अलावा कॉलेज स्तर के चुनावों में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने भी कुछ पदों पर जीत हासिल की है. जाकिर हुसैन कॉलेज में SFI ने संयुक्त सचिव का पद जीता, जबकि भास्कराचार्य कॉलेज में संगठन के उम्मीदवार ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की. इन चुनावों के परिणाम अलग-अलग कॉलेजों में छात्रसंघ की स्थानीय इकाइयों से संबंधित हैं. इन्हें DUSU चुनाव के परिणाम के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

