Delhi news: दिल्ली सरकार ने प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को मंगलवार को बड़ा तोहफा दिया। सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान इस फैसले को मंजूरी दी गई।
स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की अहम कड़ी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ”आशा कार्यकर्ता दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की एक अहम कड़ी हैं। वे स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी देने के लिए घरों में जाती हैं, परिवारों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करती हैं और गर्भवती महिलाओं व नई माताओं की देखभाल से जुड़ी सेवाओं में मदद करती हैं।”
कोविड में अहम भूमिका निभाई
उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान आशा वर्करों ने जरूरी हेल्थकेयर सेवाएं दीं। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ”दिल्ली में अभी 6,725 आशा कार्यकर्ता काम कर रही हैं। आम तौर पर, हर आशा कार्यकर्ता लगभग 2,000 लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है।”
काम के प्रति उत्साह बढ़ेगा
उन्होंने कहा कि मासिक प्रोत्साहन राशि में वृद्धि आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को मान्यता देने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस वृद्धि से काम के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा और उन्हें अपनी सेवाएं जारी रखने में मदद मिलेगी। इससे प्राथमिक स्तर पर सहायता प्रदान करने में भी योगदान मिलेगा।

